शिमला : हिमाचल प्रदेश में लोगों को अभी 4 दिन तक प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 28 मई से एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके बाद कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
इससे तापमान में गिरावट आएगी और मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी व लू से राहत मिलने की उम्मीद है। 29 और 30 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
प्रदेश में आज और कल भी तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के पसीने छुड़ाएंगी। मौसम विभाग ने 26 मई के लिए ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लू चलने से गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ सकता है।
शनिवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला के कुछेक क्षेत्रों में आंधी और तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। 24 और 25 मई को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने और तेज धूप खिलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में फिर उछाल आ सकता है।
बीते दिनों लाहौल-स्पीति के रोहतांग दर्रा, बारालाचा और शिंकुला टॉप में हुई बर्फबारी और कई हिस्सों में बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
फिलहाल ऊंचे पहाड़ी इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है, जहां घूमने पहुंचे पर्यटक गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है और 26 मई से फिर गर्मी का असर बढ़ेगा।
उधर, देश के अन्य हिस्सों में भी भीषण गर्मी का कहर जारी है। तेलंगाना में हीटवेव के कारण अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। गत दिन उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 11 राज्यों में तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। यूपी के बांदा में 47 डिग्री और मध्य प्रदेश के नौगांव में 46.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक देशभर में गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।