सिक्किम में हिमाचल के 27 वर्षीय वीर सपूत लांस नायक मनीष ठाकुर बलिदान

वह वर्ष 2016 में सेना में भर्ती हुए थे। वह अपने पीछे पत्नी तनु देवी, माता किरण बाला और पिता जोगिंद्र सिंह को छोड़ गए हैं।

0

नाहन : उत्तरी सिक्किम में हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के वीर सपूत लांस नायक मनीष ठाकुर वीरगति को प्राप्त हो गए हैं। नाहन विधानसभा क्षेत्र के बड़ाबन क्षेत्र के रहने वाले 27 वर्षीय मनीष 3 डोगरा रेजिमेंट में तैनात थे। उनकी शहादत की खबर मिलते ही समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक रविवार देर शाम मनीष लगभग 7:30 बजे सिक्किम में छत्ते नामक स्थान पर हुए लैंडस्लाइड की चपेट में आ गए। लैंडस्लाइड ने सैनिक छावनी को भी अपनी चपेट में ले लिया। सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में अन्य सैनिकों के भी मलबे में दबे होने की आशंका है।

इन दिनों सिक्किम में भीषण बारिश से बाढ़ और भूस्खलन से परिस्थितियां काफी विकट बनी हुई हैं। आपदा राहत एवं निगरानी ड्यूटी के दौरान मनीष ठाकुर बलिदान हो गए। वह वर्ष 2016 में सेना में भर्ती हुए थे। वह अपने पीछे पत्नी तनु देवी, माता किरण बाला और पिता जोगिंद्र सिंह को छोड़ गए हैं।

सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन ने लांस नायक मनीष ठाकुर की शहादत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उन्हें कमान कार्यालय से इस दुखद घटना की सूचना मिली है। शहीद का पार्थिव देह आज देर शाम या कल मंगलवार तक नाहन पहुंचने की संभावना है। पैतृक गांव बड़ाबन में पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उधर, स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने भी लांस नायक मनीष ठाकुर की शहादत पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सिरमौर के बड़ाबन गांव निवासी लांस नायक मनीष ठाकुर के सिक्किम में ड्यूटी के दौरान शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद है।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस दुःखद घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।