ऊना : कांगड़ा जिला के श्रीचामुंडा धाम से वृंदावन जा रही HRTC की हिमधारा बस पर पंजाब में तीन युवकों ने पथराव कर दिया। घटना बीती रात करीब 11 बजे के आसपास जिला रोपड़ के नंगल में भानुपल्ली नामक गांव के समीप पेश आई।
जानकारी के अनुसार वृंदावन के लिए शुरू हुई ये बस सेवा पहले ही दिन अपने सफर पर रवाना हुई थी। ऊना के बाद जैसे ही बस पंजाब में प्रवेश हुई तो नंगल से थोड़ा आगे जाकर बाइक सवार तीन युवकों ने अचानक पत्थर से हमला कर दिया।
ये हमला इतना अचानक हुआ कि किसी को कुछ समझने और संभालने का मौका तक नहीं मिला। हमलावरों ने चलती बस पर पत्थर मारे। पत्थर बस के फ्रंट शीशे को तोड़ते हुए भीतर पहुंच गए। इससे शीशे को नुकसान हुआ है। गनीमत ये रही कि इस घटना में किसी सवारी को चोटें नहीं आईं।
आरएम नगरोटा बगवां राजिंदर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ये बस में पहले ही दिन कांगड़ा से कुल 10 सवारियों को लेकर वृंदावन के लिए निकली थी।
बता दें कि गत बुधवार को ही विधायक आरएस बाली और हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बस को श्रीचामुंडा नंदिकेश्वर धाम में विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद नगरोटा बगवां से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया था।