कालाअंब : हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में उद्योगों की भूमिका अब केवल उत्पादन और कारोबार तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी अहम होनी चाहिए।
यह बात राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बुधवार को कालाअंब में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र की भूमिका निर्णायक रहेगी। इस दौरान उन्होंने लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई की ओर से उपलब्ध करवाई गई एंबुलेंस को जनसेवा के लिए समर्पित किया।
लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी मौजूद रहीं। राज्यपाल ने कहा कि उद्योगों की प्रगति के साथ समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सेवा की भावना भी जरूरी है। एंबुलेंस को जनसेवा में समर्पित करना औद्योगिक जगत की सामाजिक प्रतिबद्धता और सामूहिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।
राज्यपाल ने कहा कि देश में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत MSME इकाइयां 32 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में योगदान दे रही हैं। इसके अलावा देश की GDP, विनिर्माण और निर्यात में भी इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। छोटे और मध्यम उद्योग भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ लाखों लोगों के लिए आजीविका के अवसर पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने, संस्थागत वित्त की उपलब्धता बढ़ाने, आधुनिक तकनीक को अपनाने और कारोबार को आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। एक अप्रैल 2025 से लागू MSME की संशोधित वर्गीकरण व्यवस्था के तहत निवेश और टर्नओवर की सीमाएं बढ़ाई गई हैं। इससे उद्योगों को विस्तार देने, नए निवेश आकर्षित करने, रोजगार बढ़ाने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
राज्यपाल ने बताया कि संशोधित व्यवस्था के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के लिए निवेश की सीमा क्रमशः 2.5 करोड़, 25 करोड़ और 125 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, इनके सालाना टर्नओवर की सीमा क्रमशः 10 करोड़, 100 करोड़ और 500 करोड़ रुपये तक बढ़ाई गई है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और क्रेडिट गारंटी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उद्यमियों को वित्तीय सहायता, स्वरोजगार और कारोबार विस्तार के अवसर मिल रहे हैं। इन पहलों का उद्देश्य केवल आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां उद्यमी नई तकनीक अपनाकर अपने कारोबार को आगे बढ़ा सकें और नए बाजारों तक पहुंच बना सकें।
कालाअंब को बताया औद्योगिक विकास का अहम केंद्र
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक विकास में कालाअंब के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के औद्योगिक क्लस्टर में निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने लघु उद्योग भारती की भी प्रशंसा की, जो उद्यमियों को साझा मंच उपलब्ध कराने के साथ सहयोग, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों और औद्योगिक जगत से जुड़े लोगों को जनकल्याणकारी पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए तथा कालाअंब क्षेत्र की पंचायतों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।
इससे पहले लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद धूमल ने राज्यपाल का स्वागत किया और प्रदेश में संगठन के तहत स्थापित औद्योगिक इकाइयों की जानकारी दी। लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने संगठन की गतिविधियों और कालाअंब इकाई की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों के बारे में जानकारी दी।
साथ ही कालाअंब को रेलवे लाइन से जोड़ने जैसी उद्योगपतियों की लंबित मांगों को भी राज्यपाल के समक्ष रखा। कार्यक्रम के अंत में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस मौके पर मनोग गर्ग, सरदार देवेंद्र सिंह, डॉ. दान सिंह, रितेश अग्रवाल, केसी पारिक, राजीव तिवाजी, एसके भार्गव, विक्रम चिकारा, अजय गर्ग, विकास जत्यान, अशोक वशिष्ठ, अमन दुग्गल, सचिन सोलंकी, नवरत्न देव, अश्वनी गर्ग, अंकुश क्लेयर, अनिल चौधरी समेत कई दिग्गज उद्योगपतियों के अलावा एडीसी सिरमौर एकता काप्टा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रचित शर्मा व लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
- ये भी पढ़ें : CM सुक्खू बोले- केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के 40 वर्ष पूरे होने के बाद राज्य को मिलेगी 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी
- ये भी पढ़ें : सारनाथ में यहां पहली बार होगा योगेश्वरी श्रीमद्भगवद्गीता का अखंड पाठ व गिरिराज गायत्री हवन, जुटेंगे भारी श्रद्धालु





