शिमला : केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय दिल्ली के सौजन्य से बीते जनवरी माह में आयोजित तृतीय राष्ट्रीय स्तरीय संस्कृत ओलम्पियाड प्रतियोगिता-2025 का परिणाम हाल ही में घोषित किया गया है। इस परीक्षा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जनेडघाट के चार विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सोहन रांटा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जनेडघाट के छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया था। यह प्रतियोगिता कक्षावार आयोजित की गई थी, जिसमें छठी कक्षा की छात्रा ऐंजल ने हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा छठी के छात्र धैर्य ठाकुर ने प्रदेश में दूसरा और निखिल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कक्षा आठवीं के छात्र अभिषेक ने भी प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया।
डॉ. सोहन रांटा ने इस उपलब्धि के लिए संस्कृत अध्यापक रवींद्र कुमार शास्त्री और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जनेडघाट विद्यालय के विद्यार्थी प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाते हैं और यहां पठन-पाठन के साथ योग्य अध्यापकों के मार्गदर्शन में समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
संस्कृत अध्यापक रवींद्र कुमार शास्त्री ने कहा कि विद्यालय में संस्कृत को केवल एक आवश्यक विषय के रूप में ही नहीं देखा जाता, बल्कि विभिन्न क्रियाकलापों, गतिविधियों, खेलों और गीतों के माध्यम से इसे रोचक बनाया जाता है, ताकि बच्चे आनंद के साथ संस्कृत सीख सकें।



