शिमला : सरकाघाट के गोपालपुर में सिया और रोहड़ू में गोली लगने से रितिका की हत्या के विरोध में जुन्गा तहसील की नवगठित ग्राम पंचायत धाली बागड़ा में मातृशक्ति ग्राम संगठन की महिलाओं ने आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान महिलाओं ने सिया और रितिका को इंसाफ दिलाने और अवैध रूप से चल रहे शराब के ठेकों को बंद कराने की मांग की।
इस मौके पर पूर्व प्रधान किरण शर्मा और पूनम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के साथ दिन प्रतिदिन अत्याचार बढ़ रहे हैं, जिससे महिलाएं अब अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकाघाट के गोपालपुर में कॉलेज छात्रा सिया की नशे में चूर एक हत्यारे ने बेरहमी के साथ नृशंस हत्या की। इसी प्रकार रोहड़ू में दो दिन पूर्व एक धार्मिक कार्यक्रम में एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई।
महिलाओं ने कहा कि सार्वजनिक समारोह में हथियारों को ले जाने की अनुमति कैसे दी गई। प्रशासन व पुलिस की लापरवाही के चलते एक निर्दोष महिला की जान चली गई। उन्होंने सरकार से मांग की कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में आमजन को हथियार लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि ऐसे जघन्य अपराधों की पुनरावृत्ति न हो।
महिला मंडल ने सरकार से मांग की है कि महिलाओें पर बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि महिलाएं समाज में सम्मानपूर्वक व निडर होकर जीवन यापन कर सके। इसके अतिरिक्त महिलाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से बिक रही शराब को भी बंद करवाने की मांग की है। महिलाओं ने बताया कि गांव में अवैध रूप से शराब बेचने से युवा के नशे के आदी हो रहे हैं, जिससे घरेलू हिंसक घटनाएं बढ़ रही है।
इस दौरान महिलाओं ने नया महिला मंडल निर्मित करने के लिए ग्रामीण विकास मंत्री अनिरूद्ध सिंह और पीरन पंचायत के पूर्व प्रधान अतर सिंह का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अतर सिंह ठाकुर ने नए भवन की चाबी महिला मंडल को सौंपी।
