HomeHimachalMandiअंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में सजी भव्य अंतरराष्ट्रीय कल्चरल परेड, 35 दलों ने...

अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में सजी भव्य अंतरराष्ट्रीय कल्चरल परेड, 35 दलों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उपायुक्त कार्यालय परिसर से परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परेड सेरी मंच से होते हुए इंदिरा मार्केट परिसर तक पहुंची, जहां मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों ने इस अद्भुत सांस्कृतिक झांकी का स्वागत किया।

मंडी : अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मंडी में भव्य अंतरराष्ट्रीय कल्चरल परेड में 35 सांस्कृतिक दलों ने भाग लेकर शहर को रंग, संगीत और लोक परंपराओं से सराबोर कर दिया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उपायुक्त कार्यालय परिसर से परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परेड सेरी मंच से होते हुए इंदिरा मार्केट परिसर तक पहुंची, जहां मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों ने इस अद्भुत सांस्कृतिक झांकी का स्वागत किया।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और वैश्विक भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों और राज्यों से आए कलाकारों की भागीदारी हिमाचल की अतिथि देवो भवः की परंपरा को सुदृढ़ करती है और मंडी को विश्व पटल पर नई पहचान देती है।

ये भी पढ़ें:  Theog Water Scam : हिमाचल प्रदेश में वाटर सप्लाई घोटाले में 10 अधिकारी सस्पेंड

सबसे आगे भारत का तिरंगा ध्वज लहराता हुआ चल रहा था, उसके पीछे देश-विदेश से आए कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। परेड के अंत में मधुर धुनों के साथ होमगार्ड का बैंड आकर्षण का केंद्र बना रहा। दर्शकों ने इन आकर्षक दृश्यों को अपने मोबाइल फोन में कैद किया और पूरे मार्ग में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

11 अंतरराष्ट्रीय दलों ने दिखाई सांस्कृतिक विविधता
अंतरराष्ट्रीय दलों में अर्जेंटीना, फ्रांस, संयुक्त राज्य अमेरिका, श्रीलंका के दो दल, रूस, अफ्रीका कॉन्टिनेंट (तंजानिया, नाइजीरिया, घाना, जिम्बाब्वे, लाइबेरिया, स्वाजीलैंड, लेसोथो, कैमरून और साउथ अफ्रीका), वेनेजुएला, नेपाल, कजाकिस्तान और कंबोडिया के कलाकार शामिल रहे। इन दलों ने पारंपरिक लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अर्जेंटीना के कलाकारों ने फायर डांस से रोमांच पैदा किया, जबकि रूस से आए कलाकारों ने एलईडी डांस के माध्यम से आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में नशीली दवाओं के तस्कर को 12 साल का कठोर कारावास, पढ़ें क्या है पूरा मामला

राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय दलों की दमदार भागीदारी
देश के सात राष्ट्रीय दलों में राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब के दो दल, असम और मणिपुर के कलाकार शामिल रहे। प्रदेश के सात जिलों शिमला, हमीरपुर, लाहौल-स्पिति, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और सिरमौर के सांस्कृतिक दलों ने भी अपनी लोक परंपराओं की छटा बिखेरी। इसके अतिरिक्त मंडी जिला के पांच स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने भी परेड में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मंडव शो भी आकर्षण का विशेष केंद्र रहा। रंग-बिरंगी वेशभूषा, लोक वाद्यों की मधुर धुन और पारंपरिक नृत्य शैलियों ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया। यह परेड अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक सहभागिता का जीवंत उदाहरण बनी।

ये भी पढ़ें:  VIDEO : गए थे बिजली की शिकायत का समाधान करने, लोगों ने कर दिया हमला, कपड़े भी फाड़े

कल्चरल परेड में विधायक चन्द्रशेखर, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, पूर्व विधायक तिलक राज जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन और एसपी विनोद कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More