पांवटा साहिब : पांवटा साहिब कालेज के NCC कैडेट सनी सिंह का चयन भारत-भूटान युवा मैत्री शिविर 2025 के लिए हुआ है, जो 10 से 18 सितंबर तक बिहार में होगा। इस शिविर का आयोजन NCC निदेशालय बिहार और झारखंड द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भारत के 75 एनसीसी कैडेट और मित्र राष्ट्र भूटान के 60 युवा प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
कैडेट सनी सिंह का यह चयन उनके अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पूर्व वह पंजाब के रोपड़ में आयोजित थाल सैनिक कैंप (टीएसई) प्रशिक्षण शिविर में भाग ले चुके हैं। इसके बाद उन्होंने देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड़ 2025 में भी हिस्सा ले चुके हैं।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार भारत-भूटान युवा मैत्री शिविर का उद्देश्य युवाओं के बीच आपसी सहयोग, संस्कृति, विचारों और नेतृत्व कौशल का आदान-प्रदान करना है। शिविर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें आपदा प्रबंधन पर संयुक्त अभ्यास, प्राकृतिक संरक्षण कार्यक्रम, जलवायु परिवर्तन पर संगोष्ठी व प्रस्तुति सांस्कृतिक कार्यक्रम, बौद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण आदि शामिल हैं।
यह शिविर दो वर्षों के बाद आयोजित किया जा रहा है। भारत और भूटान इसमें बारी-बारी से मेजबानी करते हैं। इस वर्ष पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, वेस्ट बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कैडेट हिस्सा ले रहे हैं।एनसीसी जीपी मुख्यालय शिमला द्वारा जारी आदेशानुसार फर्स्ट एचपी एनसीसी नाहन को शिविर की तैयारी और समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न एनसीसी इकाइयों से चयनित कुल 9 कैडेट्स में कैडेट सनी सिंह भी शामिल हैं।उधर पांवटा साहिब महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान, संकाय सदस्यों और एनसीसी अधिकारियों ने सनी सिंह को इस अंतरराष्ट्रीय शिविर के लिए चयनित होने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उनका चयन महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है।