शिमला : कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने रविवार को प्रदेशभर में जिला स्तर पर आग्रह रैलियां निकालकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शिमला के चौड़ा मैदान, नाहन, सोलन, हमीरपुर और कुल्लू समेत अन्य जिलों में शिक्षकों ने प्रदर्शन करते हुए 23 सितंबर 2025 की अधिसूचना तुरंत वापस लेने की मांग उठाई और चेतावनी दी कि निर्णय वापस न होने पर आंदोलन उग्र किया जाएगा।

शिमला में आयोजित रैली में जिले के सभी 21 शिक्षा खंडों के शिक्षकों ने भाग लिया। संघ पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नई व्यवस्था के तहत प्राथमिक शिक्षा का पूर्ण प्रशासनिक नियंत्रण प्रिंसिपल को दे दिया गया है, जो वर्ष 1984 से अलग ढांचे में चल रही प्राथमिक शिक्षा प्रणाली के खिलाफ है। शिक्षकों का कहना था कि इससे कार्य केंद्रीकृत होगा, दोहरी प्रशासनिक स्थिति बनेगी और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज कुमार, महासचिव हेम प्रकाश वर्मा और कैशियर विजय भीमटा समेत सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।
हमीरपुर में गांधी चौक पर आयोजित आग्रह रैली में संघ पदाधिकारियों ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा के अलग क्लस्टर ढांचे और शिक्षकों की मेहनत से प्रदेश ने राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में बेहतर स्थान हासिल किया है। उन्होंने नई व्यवस्था को प्राथमिक शिक्षकों के हितों के खिलाफ बताते हुए अधिसूचना वापस लेने की मांग की।
सोलन में मालरोड पर शिक्षकों ने विरोध रैली निकाली, जबकि कुल्लू में पुराने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर धरना दिया गया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। नाहन में भी विभिन्न शिक्षा खंडों के शिक्षकों ने मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो हिमाचल स्तर पर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।



