होमHimachalप्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की खरीद शुरू, हमीरपुर में पहले दिन...

प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की खरीद शुरू, हमीरपुर में पहले दिन 115 किसानों से खरीदी गई 108 क्विंटल फसल

प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत जिला हमीरपुर में मंगलवार को मक्की की खरीद आरंभ कर दी गई।

नादौन : प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना के काफी उत्साहजनक परिणाम सामने आने लगे हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्राकृतिक खेती से तैयार होने वाली गेहूं, मक्की, हल्दी और जौ के लिए अलग से उच्च मूल्य घोषित किए हैं। हिमाचल प्रदेश इस तरह की व्यवस्था करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत जिला हमीरपुर में मंगलवार को मक्की की खरीद आरंभ कर दी गई। प्राकृतिक खेती से पैदा की गई मक्की की खरीद के लिए कृषि विभाग की आतमा परियोजना के माध्यम से नादौन और हमीरपुर में नागरिक आपूर्ति निगम के गोदामों में खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं।

ये भी पढ़ें:  अब मोबाइल ऐप के माध्यम से ही मिलेगी खाद, 26 अगस्त से आरंभ हो रही नई डिजिटल व्यवस्था

आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने बताया कि पहले दिन मंगलवार को नादौन में नादौन ब्लॉक और सुजानपुर ब्लॉक के कुल 115 किसानों से 108.20 क्विंटल मक्की खरीदी गई।

इनमें नादौन ब्लॉक के 65 किसानों से 93.90 क्विंटल और सुजानपुर ब्लॉक के 50 किसानों से 14.30 क्विंटल मक्की प्रदेश सरकार द्वारा घोषित 50 रुपये प्रति किलोग्राम के समर्थन मूल्य पर खरीदी गई। बुधवार को हमीरपुर के निकट पक्का भरो में स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम में भी मक्की खरीदी जाएगी।

राकेश धीमान ने बताया कि प्राकृतिक खेती से पैदा की गई मक्की के इतने अच्छे दाम मिलने से किसानों की आय में दोगुणा से भी अधिक बढ़ोतरी होगी।

ये भी पढ़ें:  आपदा के जख्मों को प्रदेश सरकार के पैकेज ने लगाया मरहम, फिर खड़े हुए आपदाग्रस्त आशियाने

उधर, कृषक सलाहकार समिति नादौन के अध्यक्ष कैप्टन सुनील दत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना का सीधा लाभ आम किसानों को हो रहा है।

कैप्टन सुनील दत्त शर्मा ने बताया कि पहले किसानों की मक्की को केवल 20 से 25 रुपये तक दाम मिलता था, लेकिन प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना से अब किसानों को दोगुणा से भी ज्यादा दाम मिल रहे हैं। उन्होंने सभी किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने और इस योजना का लाभ उठाने की अपील भी की।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में फिर दबोचे नशा तस्कर, अब 2.026 किलोग्राम गांजे के साथ 2 गिरफ्तार

Latest Articles

Explore More