पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में चिट्टा तस्करी के खिलाफ जिला सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली कार्रवाई भूपपुर टोल बैरियर के समीप की गई। यहां गश्त कर रही SIU नाहन की टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी पर सवार होकर कुंजा की तरफ से आ रहे हैं और लंबे समय से पांवटा साहिब व आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने के धंधे में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर स्कूटी को जांच के लिए रोका।
स्कूटी पर सवार युवकों की पहचान दिव्यांश शर्मा निवासी पिपलीवाला, डाकघर पुरुवाला और स्वयंम ठाकुर निवासी जामनीवाला, बद्रीपुर रोड, पांवटा साहिब के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 3.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
दूसरी कार्रवाई रैनबैक्सी चौक के पास हुई। यहां SIU की टीम को सूचना मिली कि बाइक पर सवार दो युवक कुंजा की तरफ से चिट्टा लेकर पांवटा साहिब आ रहे हैं। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर बाइक को रोक लिया। बाइक सवारों की पहचान अब्दुल रहमान निवासी संतोषगढ़, डाकघर पुरुवाला और विनोद शर्मा निवासी गांव पाब कफोटा, डाकघर शिल्ला, तहसील कमरऊ के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 2.87 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। दोनों मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े मुख्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
- ये भी पढ़ें : नशे के खिलाफ बद्दी पुलिस का बड़ा वार, स्पेशल सेल ने 138.38 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया ये शख्स
- ये भी पढ़ें : हरिपुरधार में चल रहा था जुए का बड़ा खेल, ताश के 52 पत्तों के साथ ₹36,200 बरामद, 8 लोग काबू



