शिमला : हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में शुक्रवार सुबह एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र में जोगनी के पास पेश आया।
शिमला पुलिस के अनुसार दुर्घटना के समय कार में पांच लोग सवार थे। मृतक की पहचान रामपुर निवासी पीकी (40) के रूप में हुई है। दुर्घटना के समय वही गाड़ी चला रहा था। वहीं, सर्जन (36), ज्योति प्रकाश (37), ललित (27) और जय प्रकाश (29) दुर्घटना में घायल हुए हैं, जो रामपुर सब-डिविजन के मुनीश, बहाली गांव के रहने वाले हैं। सभी घायलों को खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
