शिमला : भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने रोहड़ू उपमंडल के कुलगांव में धार्मिक आयोजन के दौरान हुई फायरिंग की घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताया। उन्होंने मृतका रितिका (उर्फ गुड़िया) के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता का परिणाम है।
राकेश जमवाल ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार इसे रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, यह घटना बताती है कि प्रदेश में कानून का भय खत्म हो चुका है और प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय बना हुआ है। यदि समय रहते प्रशासन और पुलिस सतर्क होती, तो इस तरह की दुखद घटना को रोका जा सकता था।
जमवाल ने रोहड़ू अस्पताल में शव को ले जाने की व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस प्रकार रेत से भरे वाहन में शव भेजने की कोशिश की गई, वह प्रशासन की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि परिजनों का आक्रोश पूरी तरह जायज है और सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए।
उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।