शिमला : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने आज शिमला प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भगवान हनुमान जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि शिमला आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यदि जाखू मंदिर में हनुमान जी के दर्शन नहीं करता तो उसकी यात्रा अधूरी मानी जाती है। यह स्थान केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और सकारात्मक ऊर्जा का भी प्रतीक है। भगवान हनुमान के चरणों में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की।
कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय रहे हैं। वर्ष 2014 में भारत जहां दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, वहीं आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी रेखा से बाहर आए, करोड़ों परिवारों को पक्का घर, गैस कनेक्शन, शौचालय, बैंक खाते, नल से जल और मुफ्त स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को विकास की अभूतपूर्व सौगात मिली है। एम्स बिलासपुर, नए मेडिकल कॉलेज, राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक विस्तार, रेलवे और सड़क संपर्क को मजबूत करने वाली परियोजनाएं, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लाखों परिवार लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में ही हिमाचल के लिए 2,247 करोड़ रुपये की लागत से 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें लगभग 2,019 करोड़ रुपये का केंद्रीय अंश है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए लगातार आर्थिक सहयोग दे रही है। हाल के वर्षों में आपदा पुनर्निर्माण, पूंजीगत निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए भी केंद्र द्वारा सैकड़ों करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त वित्त आयोग के माध्यम से करों में हिस्सेदारी और अन्य केंद्रीय सहायता के रूप में भी हिमाचल को लगातार सहयोग मिल रहा है।
यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में अनुराग ठाकुर ने कहा कि समान नागरिक संहिता भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट संकल्प है। देवभूमि उत्तराखंड से इसकी शुरुआत हो चुकी है और आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी चरणबद्ध तरीके से इसे लागू किया जाएगा।
पाकिस्तान के एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लगभग हर क्षेत्र में विफल राष्ट्र साबित हुआ है। यदि वह किसी क्षेत्र में सफल है तो वह केवल आतंकवाद को बढ़ावा देने में है। अपनी आंतरिक विफलताओं और अव्यवस्थाओं का ठीकरा भारत पर फोड़ना उसकी पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार आगे बढ़ रहा है, जबकि पाकिस्तान अपनी गलत नीतियों के कारण दुनिया में अलग-थलग पड़ता जा रहा है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिमला स्थित लोकभवन में भेंट कर उनका पारंपरिक हिमाचली रीति से अभिनंदन कर, हिमाचल के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
