पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के कोटड़ी व्यास स्कूल के 11 खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय हैंडबॉल और रग्बी प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। इनमें अंडर-14 छात्र वर्ग के तीन खिलाड़ी शामिल हैं, जो मंडी में होने वाली राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वहीं, अंडर-19 छात्राओं की टीम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रही है। इस टीम की आठ खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है, जो 11 से 14 अक्टूबर तक मानपुर देवड़ा में होगी।
शहीद कमलकांत स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है। अंडर-14 छात्र वर्ग में अंश, आर्यन और शिवांश का चयन सिरमौर की हैंडबॉल टीम में हुआ है।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 9 से 11 अक्टूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल), मंडी में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता से पहले इन खिलाड़ियों ने 5 से 8 अक्टूबर तक मॉडल स्कूल, नाहन में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया।
अंडर-19 छात्राओं की जिला विजेता टीम की आठ खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय हैंडबॉल और रग्बी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इनमें स्नेहा चौधरी, दिव्यांशी, श्वेता, दीपिका, अंशश्वी, कृतिका, नंदिता और प्रिया शामिल हैं। यह प्रतियोगिता 11 से 14 अक्टूबर तक मानपुर देवड़ा में होगी। छात्राएं 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रही हैं।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एवं कोच धर्मेंद्र चौधरी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों का राज्य स्तर तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी सिरमौर की टीम ने राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। इस बार खिलाड़ियों से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, शिक्षक वर्ग, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान मान सिंह, सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, बीडीसी सदस्य राजेश चौधरी, युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास के प्रतिनिधियों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और कोच को बधाई दी।
