HomeHimachalSirmaurसिरमौर में 7 CHT को पदोन्नति का तोहफा, BEEO पद पर...

सिरमौर में 7 CHT को पदोन्नति का तोहफा, BEEO पद पर इन शिक्षा खंडों में दी तैनाती

कार्यालय आदेश के अनुसार सभी पदोन्नत प्रारंभिक शिक्षा खंड अधिकारियों को विभाग ने जल्द कार्यभार संभालने के निर्देश किए हैं।

नाहन : जिला सिरमौर के प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने विभिन्न स्कूलों में तैनात 7 CHT (Center head teacher) को BEEO (Block elementary education officer) पद पर पदोन्नति दी है। साथ ही निर्धारित प्रारंभिक शिक्षा खंडों में जल्द अपना कार्यभार संभालने के निर्देश भी दिए हैं।

बता दें कि जिला सिरमौर में लंबे समय से बीईईओ के पद रिक्त चल रहे थे। इससे शिक्षा खंडों के तहत आने वाले विभिन्न स्कूलों के कार्यों को गति देने और कई तरह की व्यवस्थाएं बनाने में दिक्कतें पेश आ रही थी। लिहाजा, सरकार और शिक्षा विभाग ने पदोन्नति से बीईईओ के खाली पड़े पदों पर नियुक्ति दे दी है।

ये भी पढ़ें:  उपायुक्त कार्यालय का वरिष्ठ सहायक निलंबित, आपराधिक मामले में कार्रवाई

प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने सैनवाला स्कूल (सुरला खंड) के सीएचटी पूर्णचंद को बीईईओ नाहन तैनात किया है। इसी तरह मिल्लाह (बकरास खंड) स्कूल में तैनात कुंदन सिंह को बकरास, मात्तर स्कूल (नाहन खंड) के सीएचटी पाला सिंह को सतौन, खूड़ स्कूल (ददाहू खंड) के सीएचटी कृष्ण गोपाल को राजगढ़, कांगर बनौना स्कूल (नारग खंड) के सीएचटी यशपाल को नारग, बनेठी स्कूल (सुरला खंड) में तैनात सीएचटी बलबीर सिंह को सुरला और शिलाई-1 स्कूल (शिलाई खंड) में तैनात गुमान सिंह को बीईईओ शिलाई तैनात किया गया है।

कार्यालय आदेश के अनुसार सभी पदोन्नत प्रारंभिक शिक्षा खंड अधिकारियों को विभाग ने जल्द कार्यभार संभालने के निर्देश किए हैं। जारी आदेशों में कहा गया है कि 30 किलोमीटर की दूरी से कम पदोन्नति वाले अधिकारियों को 1 दिन के भीतर जबकि, 30 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले अधिकारियों को 5 दिनों के भीतर अपना कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर पदोन्नति स्वतः ही वापस ले ली जाएगी और संबंधित शिक्षक को एक साल के लिए या अगली विभागीय पदोन्नति के लिए इंतजार करना होगा।

ये भी पढ़ें:  सामाजिक सुरक्षा पेंशन के समयबद्ध वितरण के लिए नियमों में संशोधन

उधर, प्रारंभिक शिक्षा विभाग सिरमौर के कार्यवाहक उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने खाली शिक्षा खंडों में बीईईओ के पद भरे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इससे स्कूलों के कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही विभागीय कामकाज और व्यवस्थाओं में भी सुधार होगा।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More