संगड़ाह : जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के संगड़ाह उपमंडल के गांव सैंज में एक शादी समारोह के दौरान 44 वर्षीय वीना देवी का अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इस दर्दनाक घटना के बाद उनके तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया भी हमेशा के लिए उठ गया।
जानकारी के अनुसार वीना देवी गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। शादी की खुशियों के बीच वह ग्रामीणों और परिवार के लोगों के साथ नाच-गा रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। कुछ ही देर में उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह लेकर पहुंचे, मगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि वीना देवी के पति का निधन पहले ही हो चुका था। पति की मौत के बाद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खेती-बाड़ी कर अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण करती रहीं। ग्रामीणों के अनुसार वीना देवी बेहद मेहनती और संघर्षशील महिला थीं, जिन्होंने कठिन हालात में भी अपने बच्चों को मां और पिता दोनों का प्यार देने का प्रयास किया।
अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। अब दो बेटियों और एक बेटे के सिर से मां-बाप दोनों का साया उठ चुका है। मां की मौत के बाद घर में पसरा सन्नाटा और बच्चों की आंखों में दिख रहा दर्द हर किसी को भावुक कर रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
उनकी अंतिम विदाई के दौरान हर आंख नम थी और हर कोई यही कह रहा था कि जिसने जिंदगीभर बच्चों के लिए संघर्ष किया, वह यूं अचानक उन्हें अकेला छोड़ जाएगी, किसी ने सोचा भी नहीं था।
