नाहन : बारिश के बीच नाहन-श्री रेणुकाजी सड़क पर भूस्खलन और पहाड़ी से बड़ी चट्टानें गिरने के कारण आज सुबह डेढ़ घंटे आवाजाही पूरी तरह बंद रही। इसके चलते यात्रियों को भारी दिक्कतों सामना करना पड़ा। यात्रियों को बसों में ट्रांसमिशन से गंतव्य तक पहुंचाया गया। जबकि, अन्य छोटे-बड़े वाहन सड़क के दोनों ओर फंसे रहे।
ये सड़क बड़ोलिया पुल के समीप बड़ी चट्टानें गिरने से बंद हो गई थी। बताया जा रहा है कि आज सुबह साढ़े सात बजे के आसपास यहां बड़े पत्थर पहाड़ी से सड़क पर आ गिरे। गनीमत ये रही कि सुबह के समय सड़क पर ट्रैफिक कम होने की वजह से कोई इस भूस्खलन की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ये सड़क श्री रेणुकाजी तीर्थ स्थल को जोड़ने के साथ साथ ऊपरी इलाके की दर्जनों पंचायतों को जिला मुख्यालय नाहन से जोड़ती है। इस मुख्य सड़क पर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। बहरहाल, इस स्पॉट पर अब भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
दरअसल, सड़क का ये हिस्सा काफी जोखिम भरा है। बरसात के दौरान इसी स्पॉट पर भूस्खलन का खतरा रहता है। यहां पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से वाहन भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। पहाड़ी का ये हिस्सा कच्चा होने की वजह से यहां बार बार भूस्खलन होता आ रहा है।
उधर, एसडीओ दलीप चौहान ने बताया कि सड़क को बहाल कर दिया है। जैसे ही विभाग को सड़क बंद होने की सूचना मिली, जेसीबी को भेजकर इसे बहाल करने का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने भी मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया।
बता दें कि बारिश के चलते जिला सिरमौर की सड़कों को भारी नुकसान हो रहा है। जगह जगह भारी भूस्खलन से सड़कें बाधित हो रही हैं। इससे वाहन चालकों और यात्रियों के साथ साथ कामकाजी लोगों व किसानों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।