
ददाहू : बेडोन चौक से करीब 100 मीटर आगे श्री रेणुकाजी सड़क पर एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक सवार महिला समेत 3 लोग घायल हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ददाहू निवासी सचिन कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपनी कार संख्या HP18B-7071 में रेणुका जी की ओर जा रहे थे। जब वह बेडोन चौक से करीब 100 मीटर आगे पहुंचे तो श्री रेणुकाजी की ओर से आ रही मोटरसाइकिल संख्या HR02BB-7844 कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में आकर उनकी कार से टकरा गई।
मोटरसाइकिल पर एक महिला सहित 3 लोग सवार थे। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गए और उन्हें चोटें आईं। घायलों की पहचान मोटरसाइकिल चालक अभय प्रताप, पीछे बैठे मान सिंह और साची देवी के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना श्री रेणुकाजी में मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
