पांवटा साहिब : नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसआईयू (SIU) नाहन की टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में 13 किलो 680 ग्राम चूरापोस्त बरामद की है। मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 13 अगस्त, 2026 को एसआईयू नाहन की टीम रैनबैक्सी चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक पिछले लंबे समय से पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में चूरापोस्त/डोडे के टुकड़े बेचने का काम कर रहे हैं। साथ ही बताया गया कि ये तीनों आज बाहरी राज्य से भारी मात्रा में चूरापोस्त की खेप लेकर पांवटा साहिब पहुंचे हैं, जो अपनी मोटरसाइकिलों के साथ एचपी टोल टैक्स बैरियर भूपपुर के पास मौजूद हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना पुख्ता थी। लिहाजा, पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 13 किलो 680 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान नसीम निवासी पल्होड़ी, तहसील पांवटा साहिब, उसमान निवासी जाट्टोंवाला, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर और अली अहमद निवासी डारपर, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
