HomeHimachalSirmaurचार लेबर कोड के खिलाफ 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल की हुंकार,...

चार लेबर कोड के खिलाफ 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल की हुंकार, सिरमौर में सीटू ने बनाई रणनीति

बैठक में सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार, जिला कोषाध्यक्ष वीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संदीप और सह-सचिव सुरजीत ने विशेष रूप से शिरकत की और आंदोलन की रूपरेखा साझा की।

नाहन : केंद्र सरकार की नीतियों और चार नए लेबर कोड के विरोध में आगामी 12 फरवरी को होने वाली देशव्यापी आम हड़ताल को लेकर सीटू जिला सिरमौर कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को इंदु तोमर की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जिले भर के श्रमिक एकजुट होकर इस हड़ताल को सफल बनाएंगे। बैठक में सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार, जिला कोषाध्यक्ष वीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संदीप और सह-सचिव सुरजीत ने विशेष रूप से शिरकत की और आंदोलन की रूपरेखा साझा की।

वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रस्तावित चार लेबर कोड मजदूरों के बुनियादी अधिकारों पर सीधा हमला हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान मिड-डे मील वर्करों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए मांग की गई कि क्लस्टर व्यवस्था के नाम पर की जा रही छंटनी को तुरंत रोका जाए और कर्मियों की मेडिकल फिटनेस फीस का बोझ शिक्षा विभाग स्वयं वहन करे। इसके साथ ही मंडी जिले में ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के परिजनों को उचित मुआवजा देने और पिछले तीन महीनों से रुके हुए केंद्र सरकार के मानदेय को जल्द जारी करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।

ये भी पढ़ें:  नाहन में सिरमौर भाजपा ने निकाली रोष रैली, लगाए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे

सीटू महासचिव आशीष कुमार ने 108 और 102 एम्बुलेंस कर्मियों की लंबित मांगों को तुरंत पूरा करने की वकालत करते हुए कहा कि सभी श्रम कानूनों को सख्ती से लागू किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने श्रमिकों की इन जायज मांगों को अनसुना किया, तो आने वाले समय में आंदोलन और अधिक उग्र रूप धारण करेगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में गुलाबी लीला, राजीव कपूर, राजेंद्र, वीरेंद्र, संजय, निर्मला, अनिल, देव कुमारी, शामा शर्मा, माया, अंजू, अनीता सहित अन्य कई सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने एक सुर में हड़ताल का समर्थन करने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़ें:  19 साल की नवविवाहिता की पीलिया से पीजीआई चंडीगढ़ में मौत, हालात चिंताजनक, लोगों में दहशत का माहौल
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More