नाहन : दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर शाम जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नाहन के विधायक अजय सोलंकी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त सिरमौर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी जिंदाबाद”, “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” और “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। देर शाम चले विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और नगर परिषद के जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी देश के किसानों, युवाओं, मजदूरों, गरीबों और आम जनता की आवाज बनकर लगातार जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी राहुल गांधी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हैं, तब सत्ता पक्ष एजेंसियों और पुलिस का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करता है।
अजय सोलंकी ने कहा, “राहुल गांधी को हिरासत में लेना लोकतंत्र और संविधान की भावना पर सीधा हमला है। यह कार्रवाई विपक्ष की आवाज को दबाने का असफल प्रयास है। कांग्रेस डरने या झुकने वाली नहीं है। देश संविधान से चलेगा, किसी की तानाशाही से नहीं।”
उन्होंने आगे कहा, “केंद्र सरकार जितना दमन करेगी, कांग्रेस उतनी ही मजबूती से जनता की लड़ाई लड़ेगी। राहुल गांधी की आवाज को हिरासत में लेकर दबाया नहीं जा सकता। जनता सब देख रही है और लोकतंत्र को कमजोर करने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।”
विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे घटनाक्रम पर चिंता जताई और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान, पार्षद राकेश गर्ग, पार्षद कपिल गर्ग सहित नगर परिषद के अन्य जनप्रतिनिधि, जिला कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष की आवाज को दबाने का सिलसिला जारी रहा तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।