HomeHimachalSirmaurCM सुक्खू के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर कांग्रेस लीगल सेल का कड़ा...

CM सुक्खू के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर कांग्रेस लीगल सेल का कड़ा विरोध, अधिवक्ता के खिलाफ FIR की मांग

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र और मानहानिकारक टिप्पणियों को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस लीगल सेल ने विरोध जताया।

नाहन : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र और मानहानिकारक टिप्पणियों को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस लीगल सेल ने विरोध जताया।

जिला सिरमौर कांग्रेस लीगल सेल के मुख्य संयोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र पाल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी को शिकायत पत्र सौंपकर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ता विनय शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अधिवक्ता विनय शर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारियों के खिलाफ लगातार अमर्यादित, मानहानिकारक और धमकीपूर्ण टिप्पणियां प्रकाशित की हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर की इस पंचायत का प्रधान बर्खास्त, अनियमितताएं और धन दुरुपयोग मामले में जिला प्रशासन ने लिया एक्शन

शिकायत पत्र में पुलिस से फेसबुक अकाउंट से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित करने, पोस्टों की तकनीकी जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।

वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र पाल ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों की आलोचना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता से समाज जिम्मेदार और मर्यादित आचरण की अपेक्षा करता है। यदि कोई अधिवक्ता सार्वजनिक मंच पर भाषा की मर्यादा लांघता है तो इससे पूरे अधिवक्ता समाज की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है।

ये भी पढ़ें:  इस सोसाइटी ने रानीताल बाग में छेड़ा सफाई अभियान, सजावटी पौधे भी लगाए

उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना और अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का मंच है, लेकिन इसका उपयोग किसी की छवि धूमिल करने या झूठे एवं भ्रामक आरोपों के प्रसार के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शिकायत की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता शकील अहमद, अधिवक्ता करण चौहान, पार्षद एवं अधिवक्ता वसीम खान, अधिवक्ता अंशुल खान, अधिवक्ता विपिन ठाकुर, अधिवक्ता संजय थापा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  स्वास्थ्य केंद्र धगेड़ा में शुरू हुआ मुफ्त HPV टीकाकरण, ददाहू में बीएमओ डॉ. मोनीषा ने किया अभियान का शुभारंभ
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More