राजगढ़ : गुरुकुल पीच वैली इंटरनेशनल स्कूल राजगढ़ में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन एवं मुख्य अतिथि सतीश ठाकुर ने किया।
प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ तथा कक्षा नौ से 12 वर्ग के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। प्रतियोगिता में बैडमिंटन, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबले हुए। इसके साथ ही एथलेटिक्स में 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़ के अलावा रिले रेस, हाई जंप, लॉन्ग जंप, जेवलिन थ्रो और शॉटपुट करवाए गए।
कक्षा छह से आठ वर्ग के बैडमिंटन छात्र वर्ग में अरावली सदन ने पहला और शिवालिक सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन विजेता तथा हिमालया सदन उपविजेता रहा।
बास्केटबॉल छात्र वर्ग में हिमालया सदन ने पहला और शिवालिक ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन विजेता तथा हिमालया सदन उपविजेता रहा।
वॉलीबॉल छात्र वर्ग में अरावली सदन प्रथम और हिमालया सदन द्वितीय रहा, जबकि छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन ने पहला स्थान हासिल किया।
कक्षा नौ से 12 वर्ग के बैडमिंटन छात्र वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और हिमालया सदन उपविजेता रहा। छात्रा वर्ग में अरावली सदन ने पहला और शिवालिक सदन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बास्केटबॉल छात्र वर्ग में हिमालया सदन प्रथम और शिवालिक सदन द्वितीय रहा, जबकि छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और अरावली सदन उपविजेता रहा।
वॉलीबॉल के छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों में शिवालिक सदन ने प्रथम तथा हिमालया सदन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समग्र प्रदर्शन के आधार पर ध्यान चंद ट्रॉफी हिमालया हाउस ने अपने नाम की।
विद्यालय के चेयरमैन एवं मुख्य अतिथि सतीश ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेना भी जरूरी है।
खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विद्यालय के खिलाड़ियों ने जिला और राज्य स्तर पर चयन हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि अंडर-14 बैडमिंटन में ईशान का जिला स्तर के लिए चयन हुआ है, जबकि उत्कर्ष का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है। अंडर-14 शतरंज में एकाक्ष, आर्यवीर और रुद्रांश का जिला स्तर के लिए चयन हुआ।
अंडर-19 बैडमिंटन में रोनित का जिला स्तर के लिए चयन हुआ है। वहीं, अंडर-19 वॉलीबॉल में देवक्ष का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। उन्होंने विद्यालय के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला और विभिन्न मुकाबलों में उन्होंने स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय की शैक्षणिक निदेशिका अंबिका ठाकुर, प्रधानाचार्या अनु दानी और उपप्रधानाचार्या प्रियंका चंदेल भी मौजूद रहीं। प्रतियोगिता के आरंभ में विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
