HomeHimachalSirmaurडॉ. राजीव बिंदल बोले- साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल...

डॉ. राजीव बिंदल बोले- साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल की जनता की कमर तोड़ी, कानून व्यवस्था ध्वस्त

बिंदल ने नाहन में आयोजित आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल हिमाचल प्रदेश की जनता पर कहर बनकर टूटा है। प्रदेश सरकार ने हर वर्ग की कमर तोड़ दी है।

नाहन : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल हिमाचल प्रदेश की जनता पर कहर बनकर टूटा है। प्रदेश सरकार ने हर वर्ग की कमर तोड़ दी है। जनता आज त्रस्त है और सरकार मस्त है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकार का पहला दायित्व कानून व्यवस्था बनाए रखना होता है, लेकिन पिछले साढ़े तीन वर्षों में हत्या, लूट, फिरौती, गैंगवार, गोलीबारी और महिला उत्पीड़न के मामलों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिट्टा माफिया, शराब माफिया और कबाड़ माफिया को कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिससे प्रदेश में भय का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें:  पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए सुनहरा मौका! JEE-NEET और SSB परीक्षाओं के लिए निगम देगा मुफ्त कोचिंग

उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है। साढ़े तीन साल में ₹45,000 करोड़ का कर्ज लेकर प्रदेश का कुल कर्ज ₹1.10 लाख करोड़ तक पहुंचा दिया गया है। इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल पर भारी वैट लगाकर जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है, जिससे महंगाई चरम पर पहुंच गई है।

बिंदल ने कहा कि सुक्खू सरकार ने सीमेंट के दामों में ₹100 की बढ़ोतरी, स्टाम्प ड्यूटी व पानी के दामों में 500% वृद्धि, बिजली के दामों में 100% वृद्धि, राशन में 60% वृद्धि और एंट्री टैक्स व परिवहन किराए में भारी बढ़ोतरी कर आम जनता को आर्थिक रूप से तोड़ दिया है। उन्होंने इसे सुक्खू मॉडल बताते हुए कहा कि इस मॉडल के तहत हर महीने स्कूल, अस्पताल और सरकारी दफ्तर बंद किए जा रहे हैं। अब तक करीब 2500 संस्थानों पर ताला लगाया जा चुका है और आगे भी यही क्रम जारी रहने की आशंका है।

ये भी पढ़ें:  गिरि नदी को पार करते तेज बहाव में बह गया टीचर, नहीं लगा कोई सुराग

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बेरोजगार युवाओं के साथ कांग्रेस सरकार ने सबसे बड़ा विश्वासघात किया है। 1 लाख सरकारी नौकरियों और हर साल रोजगार देने की गारंटी केवल जुमला साबित हुई है। आज युवा दर-दर भटकने को मजबूर है और सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं, किसानों, बागवानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ अन्याय हुआ है। भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और सत्ता का दुरुपयोग चरम पर है। लाखों गरीबों को बीपीएल सूची से बाहर कर दिया गया है, जिससे उनका जीवन और कठिन हो गया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता अब इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर चुकी है और इसे उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुकी है। भाजपा इस जनआंदोलन में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल के चमियाना में पहली रोबोटिक सर्जरी, CM ने किया राज्य की पहली सुविधा का शुभारंभ
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More