पांवटा साहिब : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में कालेज में पढ़ रही एक छात्रा ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छात्रा ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसको लेकर पुलिस जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार ये घटना पांवटा साहिब के अमरकोट की है। मृतक युवती की पहचान मुस्कान (18) पुत्री मुस्तकीन हुसैन, हाल निवासी सुनार कालोनी अमरकोट, पांवटा साहिब के तौर पर हुई है। युवती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के छपरा की रहने वाली थी।
जानकारी मिली है कि उसका परिवार पिछले कई वर्षों से पांवटा साहिब में किराये के मकान में रह रहा है। युवती के पिता एक निजी कंपनी में काम करते हैं। युवती स्थानीय कॉलेज में फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्र में शोक का माहौल है।
डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। युवती की मौत के पीछे क्या कारण रहे। ये पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल, मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

