HomeHimachalSirmaurनाहन की ऐतिहासिक सैरगाह 'विला राउंड' का होगा कायाकल्प, विधायक सोलंकी...

नाहन की ऐतिहासिक सैरगाह ‘विला राउंड’ का होगा कायाकल्प, विधायक सोलंकी ने निरीक्षण कर तैयार किया सौंदर्यीकरण का खाका

शहर की कंक्रीट भरी जिंदगी और शोर-शराबे से दूर, जहां प्रकृति अपनी गोद फैलाए खड़ी है, उस ऐतिहासिक और पसंदीदा सैरगाह 'विला राउंड' की सूरत अब पूरी तरह बदलने वाली है। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी की विशेष पहल पर इस धरोहर को एक नए और आधुनिक कलेवर में ढालने की तैयारी शुरू हो गई है।

नाहन : शहर की कंक्रीट भरी जिंदगी और शोर-शराबे से दूर, जहां प्रकृति अपनी गोद फैलाए खड़ी है, उस ऐतिहासिक सैरगाह ‘विला राउंड’ की सूरत अब पूरी तरह बदलने वाली है। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी की विशेष पहल पर इस धरोहर को एक नए और आधुनिक कलेवर में ढालने की तैयारी शुरू हो गई है।

गुरूवार शाम विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद के पार्षदों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विला राउंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विकास की ऐसी योजना तैयार करना रहा, जिसमें आधुनिक सुविधाओं और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच एक सटीक संतुलन बना रहे, ताकि शहर की इस पहचान को आने वाली पीढ़ियों के लिए और भी आकर्षक बनाया जा सके।

विधायक अजय सोलंकी ने निरीक्षण के दौरान साफ किया कि विला राउंड नाहन वासियों के स्वास्थ्य और मानसिक शांति का एक प्रमुख केंद्र है, इसलिए इसका विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा। योजना के अनुसार, यहां की मुख्य सड़क पर तारकोल (बिटुमेन) बिछाकर उसे चकाचक किया जाएगा। इसके साथ साथ यहां विशेष ‘ग्रीन ट्रैक’ भी बनाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  नशा तस्करों पर सिरमौर पुलिस का डबल अटैक, पांवटा साहिब और माजरा में चिट्टे के साथ दबोचे दो युवक

यह ट्रैक प्रकृति प्रेमियों को एक सुरक्षित और शांत वातावरण में सैर का अनुभव प्रदान करेगा। इसके अलावा, सैरगाह पर फिटनेस के प्रति जागरूक लोगों के लिए ओपन व्यायामशाला (जिम) और सन-बाथ पॉइंट जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जबकि युवाओं के आकर्षण के लिए सेल्फी पॉइंट और बैठने के लिए सुंदर बेंच स्थापित किए जाएंगे।

सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को इस पूरी योजना की रीढ़ माना गया है। सुबह के अंधेरे में सैर करने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे मार्ग पर पर्याप्त लाइटों का प्रबंध किया जाएगा और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पर्यावरण की दृष्टि से यहां स्थानीय प्रजातियों के छायादार वृक्षों का रोपण किया जाएगा, जो हवा को शुद्ध रखेंगे।

ये भी पढ़ें:  उपभोक्ता 29 जनवरी तक कर लें लंबित बिजली बिलों का भुगतान, वरना कट जाएगा कनेक्शन

साथ ही, जैव विविधता का सम्मान करते हुए पक्षियों के लिए पेड़ों पर कृत्रिम घोंसले और पशु-पक्षियों के लिए पानी की उचित व्यवस्था भी की जाएगी। पूरे क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ रखने के लिए विशेष सूचना पट्ट भी लगाए जाएंगे, जो आगंतुकों को प्रकृति और वनस्पतियों के बारे में शिक्षित करेंगे।

इस विकास योजना की सबसे बड़ी विशेषता जन-सहभागिता है। विधायक ने मौके पर उपस्थित नागरिकों और पार्षदों से सुझाव लिए, ताकि परियोजना में जनभावनाओं का समावेश हो सके। इस दौरान वर्षा जल संरक्षण और प्राकृतिक दृश्यावलोकन स्थलों (व्यू पॉइंट्स) को विकसित करने जैसे रचनात्मक सुझाव भी सामने आए। विधायक ने कहा कि इसके लिए प्रबुद्ध लोगों से भी सुझाव मांगें जाएंगे, ताकि सैरगार को और बेहतर व आकर्षक बनाने में मदद मिल सके।

एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों की मौजूदगी में विधायक ने भरोसा दिलाया कि विला राउंड के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ किए बिना इसे एक आदर्श सैरगाह के रूप में विकसित किया जाएगा। बता दें कि विला राउंड शहर की एक प्रमुख सैरगाह है। सुबह-शाम रोजाना यहां भारी संख्या में शहरवासी यहां पैदल घूमने आते हैं, लेकिन पिछले कई दशकों से ये सैरगाह अनदेखी का शिकार रही है।

ये भी पढ़ें:  अब CNG और PNG नेटवर्क से सशक्त होगा बिलासपुर, DC ने किया स्वच्छ परिवहन का आह्वान

समय-समय पर पर्यावरण प्रेमी भी इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। ऐसे में विधायक सोलंकी की इस पहल से यहां घूमने आने वाले शहरवासियों में इसके सौंदर्यीकरण और उचित रखरखाव की उम्मीद जाग उठी है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More