HomeHimachalSirmaurहिमाचल के प्रसिद्ध लोक कलाकार डॉ. जोगिंद्र हाब्बी को मिलेगा संगीत नाटक...

हिमाचल के प्रसिद्ध लोक कलाकार डॉ. जोगिंद्र हाब्बी को मिलेगा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, राष्ट्रपति करेंगे अलंकृत

अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त लोक कलाकार और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. जोगिंद्र हाब्बी का चयन देश के सर्वोच्च सांस्कृतिक सम्मानों में से एक संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार-2025 के लिए किया गया है।

नाहन : अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त लोक कलाकार और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. जोगिंद्र हाब्बी का चयन देश के सर्वोच्च सांस्कृतिक सम्मानों में से एक संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार-2025 के लिए किया गया है। लोक नृत्य और लोक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान महामहिम राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा।

बता दें कि डॉ. हाब्बी पिछले तीन दशकों से अधिक समय से हिमाचल प्रदेश की विलुप्तप्राय लोक विधाओं के संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। अपने सांस्कृतिक गुरु पद्मश्री विद्यानंद सरैक के साथ उन्होंने ठोडा, हाटी की नाटी, सिंहटू नृत्य, बढाल्टू नृत्य और डग्याली नाच जैसी लोक विधाओं पर गहन शोध एवं अध्ययन किया। इन विलुप्त लोक कलाओं को मंचीय स्वरूप प्रदान कर उन्होंने उन्हें पुनः जनमानस तक पहुंचाया, जिसके परिणामस्वरूप आधुनिकता की दौड़ में अपनी पहचान खो रही कई लोक विधाओं को नया जीवन और व्यापक लोकप्रियता प्राप्त हुई।

ये भी पढ़ें:  गोपाल योजना के तहत 14.68 करोड़ रुपये वितरित, बेसहारा गौवंश का संरक्षण होगा सुनिश्चित: CM

डॉ. हाब्बी ने चूड़ेश्वर सांस्कृतिक मंडल और आसरा संस्था की स्थापना कर कलाकारों को प्रशिक्षण प्रदान किया तथा तैयार की गई नृत्य विधाओं की भारत के विभिन्न राज्यों और विदेशों में प्रस्तुतियां करवाईं। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपने निजी संसाधनों से हाब्बी मानसिंह कला केंद्र की स्थापना की, जहां लोक नृत्य, लोकनाट्य और अन्य पारंपरिक कलाओं का नियमित प्रशिक्षण एवं मंचन किया जाता है।

डॉ. हाब्बी के नेतृत्व में सिरमौर और हिमाचल की लोक नृत्य परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उनके नेतृत्व और निर्देशन में कलाकारों ने बुल्गारिया, मैसेडोनिया, ग्रीस और तुर्की सहित विभिन्न देशों में अनेक सफल प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से ठोडा जैसी विशिष्ट लोक विधा को पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने का श्रेय भी उन्हें प्राप्त है।

लोक संस्कृति के क्षेत्र में डॉ. हाब्बी के कार्यों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर भी मान्यता मिली है। उनके नेतृत्व में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अनेक उपलब्धियां दर्ज हुई हैं। उन्होंने लोक संस्कृति से संबंधित कई शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं, दो पुस्तकों का लेखन किया है तथा उनकी तीन पुस्तकें प्रकाशनाधीन हैं। इसके अतिरिक्त वे लोक कलाओं पर आधारित पांच डॉक्युमेंट्री तथा ठोडा विषय पर एक टेलीफिल्म का निर्देशन भी कर चुके हैं और कई बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में लोकनृत्यों की कोरियोग्राफी कर चुके हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में सितंबर माह में होने वाले ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग का शेड्यूल जारी

इस उपलब्धि पर डॉ. जोगिंद्र हाब्बी ने अपने आध्यात्मिक गुरु सतगुरु मधु परमहंस साहिब जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक कलाओं और उन्हें संरक्षित करने में जुटे सभी लोक कलाकारों का सम्मान है।

डॉ. हाब्बी ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने सांस्कृतिक गुरु पद्मश्री विद्यानंद सरैक, अपने सांस्कृतिक दल के कलाकारों और लोक संस्कृति के संरक्षण में लगे सभी कला प्रेमियों को दिया। उन्होंने संगीत नाटक अकादेमी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अकादमी ने इस सम्मान के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष प्रतिष्ठा प्रदान की है।

ये भी पढ़ें:  'ऑपरेशन गन डाउन': सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के खिलाफ बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश से स्वर्गीय हेतराम तनवार, पद्मश्री विद्यानंद सरैक, पंडित सोमदत्त बट्टू और पंडित डॉ. के. एल. सहगल जैसी प्रतिष्ठित विभूतियां भी इस सम्मान से अलंकृत हो चुकी हैं।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More