नाहन : दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस तक पहुंच गया। मामला जिला सिरमौर के पुरुवाला कांशीपुर इलाके का है, जहां जलते पटाखे पड़ोसी की तरफ फेंकने का मामला सामने आया।
आरोप है कि एक पटाखा पानी की टंकी के पास फट गया, जिससे टंकी फट गई। मामले में पुलिस थाना माजरा में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में रमेश कुमार पुत्र बग्गा राम निवासी पुरुवाला कांशीपुर ने बताया कि 8 नवंबर को उसका पड़ोसी मुकेश कुमार दिवाली के पटाखे जलाकर उनके घर की तरफ फेंक रहा था। इसी दौरान एक पटाखा उनकी पानी की टंकी के पास फट गया, जिससे टंकी क्षतिग्रस्त हो गई।
रमेश कुमार के अनुसार, इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ मुकेश को समझाने उसके घर गया। कुछ देर बाद मुकेश और उसका बड़ा भाई पानी की टंकी देखने उनके घर पहुंचे। इसी दौरान मुकेश ने कथित तौर पर उसके और उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।




