विश्व कैंसर दिवस पर माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्राओं ने छेड़ी जागरूकता मुहिम, बचाव के साथ दूर की भ्रांतियां

माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग नाहन ने विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के ऑन्कोलॉजी विभाग और सामुदायिक केंद्र जामली में आयोजित किया गया।

0

नाहन : माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग नाहन ने विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के ऑन्कोलॉजी विभाग और सामुदायिक केंद्र जामली में आयोजित किया गया। इस वर्ष विश्व कैंसर दिवस की थीम “United by Unique” रही, जो यह संदेश देती है कि कैंसर से जुड़ी हर व्यक्ति की यात्रा अलग हो सकती है, लेकिन इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई में सभी का सहयोग और एकजुटता जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान GNM और B.Sc. नर्सिंग की छात्राओं ने उपस्थित लोगों को कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। छात्राओं ने बताया कि कैंसर एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जिसका खतरा किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकता है। उन्होंने कैंसर के प्रमुख लक्षणों के बारे में बताते हुए कहा कि अचानक वजन कम होना, मुंह से खून आना, लगातार बलगम वाली खांसी रहना और किसी जख्म का लंबे समय तक न भरना इसके संकेत हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  बड़ी कार्रवाई: हिमाचल में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, एक महिला सहित 7 लोगों पर केस, बचाईं 11 महिलाएं

छात्राओं ने कैंसर से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि धूम्रपान और शराब के सेवन से बचना, नियमित व्यायाम करना, पौष्टिक भोजन खाना और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए, ताकि बीमारी की समय रहते पहचान हो सके। इस दौरान ऑन्कोलॉजी विभाग और सामुदायिक क्षेत्र जामली में इंटरएक्टिव सत्र भी आयोजित किए गए जिनमें मरीजों, उनके परिजनों और आम जनता ने सक्रिय भागीदारी की। इन सत्रों में कैंसर से जुड़े मिथकों को दूर करने और शीघ्र पहचान को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम को श्रोताओं ने ध्यानपूर्वक सुना और छात्राओं की प्रस्तुति को उपयोगी बताया। माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रधानाचार्य रिजी गीवर्गीस ने बताया कि विश्व स्तर पर कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए हर वर्ष 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि खराब जीवनशैली, रसायनों के अधिक संपर्क और खान-पान की गड़बड़ आदतों के कारण कैंसर का जोखिम लगातार बढ़ रहा है, इसलिए जागरूकता बेहद जरूरी है। माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग के अध्यक्ष अनिल जैन ने भी छात्राओं द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की और इसे समाज के लिए उपयोगी पहल बताया।

ये भी पढ़ें:  महिला और पुरुष दोनों वर्गों में कांगड़ा बना शतरंज का चैंपियन, सैकड़ों प्रतिभागियों ने दिखाया दम