Home Himachal Sirmaur सिरमौर के इस स्कूल की प्रवक्ता ने गरीब विद्यार्थियों के लिए ट्रैक...

सिरमौर के इस स्कूल की प्रवक्ता ने गरीब विद्यार्थियों के लिए ट्रैक सूट बनवाने को दान की अपनी पहली सैलरी

यह अनुकरणीय पहल गरीब परिवारों के विद्यार्थियों को सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के साथ सम्मानजनक रूप से पढ़ने का सुअवसर प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।

0

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गवर्नमेंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल छोगटाली में इतिहास के प्रवक्ता पद पर नियुक्त ललिता कुमारी ने अपनी पहली सैलरी स्कूल के गरीब विद्यार्थियों के ट्रैक सूट बनवाने के लिए दान कर अनूठी मिसाल पेश की है।

सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित स्कूल प्रवक्ता की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली ललिता कुमारी ने कहा कि वह विद्यार्थियों की मजबूरियों को बखूबी समझती हैं। वह भविष्य में भी ऐसे विद्यार्थियों की यथासंभव सहायता के प्रयास करती रहेंगी।

स्कूल के कार्यवाहक प्रिंसिपल सुरेंद्र पुंडीर ने कहा कि हालांकि, इस स्कूल के सभी शिक्षक समय समय पर विद्यार्थियों की सहायता के लिए पहल करते आए हैं, लेकिन पूरे महीने का वेतन दान करने का यह अभूतपूर्व एवं अद्वितीय अवसर है।

ये भी पढ़ें:  डॉ. पवनेश कुमार को बड़ी जिम्मेदारी, बने लोक सेवा आयोग के सदस्य

वहीं, विद्यालय की संरक्षक एवं पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोज ठाकुर और स्थानीय पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर ने इसके लिए प्रवक्ता ललिता कुमारी का आभार जताया।

कहा कि यह अनुकरणीय पहल गरीब परिवारों के विद्यार्थियों को सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के साथ सम्मानजनक रूप से पढ़ने का सुअवसर प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।