नशे से काली कमाई करने वाले तस्करों पर सिरमौर पुलिस का शिकंजा, लाखों रुपए की संपत्ति सीज

सक्षम प्राधिकारी ने संबंधित आरोपियों की अवैध संपत्ति जिसमें जमा खातों व चार वाहनों सहित कुल 52,72,225.73 रुपए है, को सीज/फ्रीज करने के संदर्भ में अपनी स्वीकृति प्रदान की है।

0

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए की संपत्ति को सीज किया है। पुलिस ने इसी वर्ष अप्रैल माह में आरोपी को चरस की खेप और हजारों रुपए की करंसी के साथ गिरफ्तार किया था।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि 7 अप्रैल 2025 को जिला पुलिस की SIU टीम ने एक व्यक्ति बेसु राम निवासी गांव व डाकघर नैनीधार, तहसील शिलाई को जामली रेन शैल्टर शिलाई के पास कुल 2 किलो 105 ग्राम चरस और 39,700 रुपए की नकदी के साथ गिरफ्तार किया था।

इस पर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पुलिस थाना शिलाई में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी बेसु राम ने स्वीकार किया कि वह चरस की खेप को दीप राम पुत्र बारू राम निवासी गांव गुमठ, डाकघर कोटी बौंच से लाया था। इस पर 12 अप्रैल 2025 को आरोपी दीप राम को भी मामले में शामिल कर हिरासत में लिया गया था।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के शारीरिक शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी 'डिवाइन अवार्ड ऑफ स्पोर्ट्स' से सम्मानित

एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता, नशे के तस्करों/सौदागरों का उन्मूलन करने और तस्करों की तह तक पहुंचने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को इस मामले में नियमों के मुताबिक वित्तीय अन्वेषण करने के निर्देश दिए गए।

टीम ने वित्तीय अन्वेषण पूर्ण करने के उपरांत संबंधित आरोपियों के अतिरिक्त उनके सहयोगियों की अवैध संपत्ति को सीज/फ्रीज करके अपने आदेशों को आवश्यक स्वीकृत के लिए सक्षम प्राधिकारी व प्रषासक, तस्कर एवं विदेशी मुद्रा छत्रसाधक (संपत्ति सम्पहरण) अधिनियम 1976 एवं स्वापक औषधि व मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 एवं न्याय निर्णायक प्राधिकारी बेनामी संपत्ति लेनदेन निषेध अधिनियम 1988 नई दिल्ली को भेजा गया।

ये भी पढ़ें:  एक कैदी ने साइड मांगी तो दूसरा बोला- तूने कौन सा जहाज निकालना है, इतना कहते ही भिड़ पड़े हत्या के आरोपी 3 कैदी, मचाया हुड़दंग

अब सक्षम प्राधिकारी ने संबंधित आरोपियों की अवैध संपत्ति जिसमें जमा खातों व चार वाहनों सहित कुल 52,72,225.73 रुपए है, को सीज/फ्रीज करने के संदर्भ में अपनी स्वीकृति प्रदान की है।

एसपी ने बताया कि इसके अतिरिक्त जिला पुलिस द्वारा तीन अलग-अलग मामलों में वित्तीय अन्वेषण के तहत आरोपियों की कुल 95,00,485 रुपए, 70,70,702.29 रुपए और 54,08,791.37 रुपए की नकदी/अवैध संपत्ति सक्षम प्राधिकारी के माध्यम से सीज की जा चुकी है।

जिला पुलिस ने अब तक कुल 4 मामलों में 2,72,52,205.24 की नकदी/अवैध संपत्ति सक्षम प्राधिकारी द्वारा सीज करने में सफलता प्राप्त की है।

ये भी पढ़ें:  आंगनबाड़ी वर्कर्ज एवं हेल्पर्ज यूनियन प्रोजेक्ट शिलाई : अनीता अध्यक्ष, चंद्रकला को सौंपी महासचिव की कमान