अपना परिवार सुखी परिवार योजना की सूची फिर होगी चेक, सिरमौर की पंचायतों में 3 दिन विशेष ग्राम सभाएं
नाहन : मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत किए गए सर्वेक्षण की अंतिम सूची के पुनः सत्यापन के लिए जिला सिरमौर के सभी विकास खंडों के तहत आने वाली समस्त ग्राम पंचायतों में 16 से 18 नवंबर, 2026 तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि योजना के तहत पहले से किए गए सर्वेक्षण के सभी नौ चरणों में चिन्हित परिवारों की डेटा एंट्री की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इन परिवारों की सूची का अंतिम बार सत्यापन किया जाना आवश्यक है, ताकि कोई भी अपात्र परिवार सूची में शामिल न रहे।
उन्होंने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं में संबंधित ग्राम पंचायतों की समेकित सूची लोगों के सामने रखी जाएगी, ताकि सूची पर चर्चा और जनसमीक्षा की जा सके। ग्राम पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर भी इन सूचियों को प्रदर्शित किया जाएगा। विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन के लिए कोरम पूरा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रधानों और पंचायत सचिवों को निर्धारित तिथियों के अनुसार विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित करने और लोगों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
चंबा में भी होगा विशेष ग्राम सभा बैठकों का आयोजन
चंबा : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के अंतर्गत प्रथम से नवम् चरण तक चिन्हित परिवारों की सूची पर चर्चा एवं जनसंवीक्षा के लिए जिला चंबा के समस्त विकास खण्डों की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा बैठकों का आयोजन 16, 17 और 18 नवंबर को किया जाएगा।
बैठकों में योजना के अंतर्गत चिन्हित परिवारों की सूची पर विस्तृत चर्चा एवं जनसंवीक्षा की जाएगी।
- ये भी पढ़ें : सिरमौर में 57 अभ्यर्थियों को मिली JBT के पद पर नियुक्ति, 8 दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
- ये भी पढ़ें : नाहन शहर की सड़कों पर वाहन पार्क करने से पहले जान लें प्रशासन के ये आदेश, कई स्थान नो पार्किंग जोन घोषित




