HomeHimachalSirmaurपांवटा साहिब में टिप्पर-ट्रालों की मनमानी पर विधायक सुखराम चौधरी ने उठाए...

पांवटा साहिब में टिप्पर-ट्रालों की मनमानी पर विधायक सुखराम चौधरी ने उठाए सवाल, कहा- सड़कें बन गईं ‘डेथ ट्रैप’

पांवटा साहिब उपमंडल में बड़े टिप्पर-ट्रालों की आवाजाही और कथित ओवरलोडिंग को लेकर भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं।

नाहन : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में बड़े टिप्पर-ट्रालों की आवाजाही और कथित ओवरलोडिंग को लेकर भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पांवटा साहिब से कालाअंब, देहरादून और यमुनानगर की ओर जाने वाले भारी-भरकम टिप्पर-ट्राले कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।

सुखराम चौधरी ने कहा कि कई बड़े ट्राले दिन-रात सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इनमें कुछ ट्राले 50 फुट से भी अधिक लंबे बताए जा रहे हैं और ओवरलोड होकर शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों से गुजरते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई वाहन गति सीमा का पालन नहीं करते, जिससे स्थानीय लोगों को सड़क पर आवाजाही में परेशानी होती है।

विधायक ने कहा कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पांवटा साहिब क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में तेज रफ्तार ट्राले घरों तक में घुस चुके हैं। ऐसे में इन भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में ओवलोडिंग और अवैध खनन पर 42 चालान, 25 टिप्पर जब्त

उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण कई टिप्पर-ट्राले चढ़ाई वाले हिस्सों में खराब हो जाते हैं या सड़क पर फंस जाते हैं। इससे नेशनल हाईवे सहित अन्य मार्गों पर घंटों जाम लग जाता है। जाम में एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन भी फंस जाते हैं, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

सुखराम चौधरी ने प्रशासन से सवाल किया कि पांवटा साहिब में नेशनल हाईवे होने के बावजूद भारी-भरकम ट्रालों को बद्रीपुर-जम्बूखाला मार्ग जैसे ग्रामीण रास्तों से जाने की अनुमति किस आधार पर दी जा रही है। उन्होंने बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की मांग की।

ये भी पढ़ें:  सब्जियां लेकर दिल्ली जा रहे व्यापारी पर निहोग में चाकू से हमला, शिकायत पर नाहन पुलिस ने दर्ज किया केस

उन्होंने कहा कि इन वाहनों की परमिशन, रूट, ओवरलोडिंग और गति की जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

विधायक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पहले भी भारी वाहनों की मनमानी के खिलाफ प्रशासन के समक्ष आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि जनता की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर कार्रवाई अपेक्षित है।

सुखराम चौधरी ने प्रशासन से मांग की कि नेशनल हाईवे के किनारे भारी ट्रालों की पार्किंग पर रोक लगाई जाए, बद्रीपुर-जम्बूखाला मार्ग पर इनकी आवाजाही को व्यवस्थित किया जाए तथा ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें:  पॉलीक्लीनिक पशु चिकित्सालय ललड़ी में 66 नुकीली धातु की तारें निकालकर गर्भवती भैंस को दिया नया जीवन

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा पांवटा साहिब में सरकार और प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर चक्का जाम भी किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More