नाहन : अत्यंत आपातकालीन स्थिति में ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर ने एक बार फिर सेवा और मानवता की मिसाल पेश की है। तहसील नाहन के गांव बर्मा पापड़ी की एक महिला मरीज को कमांड अस्पताल चंडीमंदिर में रसोली के ऑपरेशन के लिए A नेगेटिव रक्त की सख्त आवश्यकता थी। हीमोग्लोबिन की कमी के चलते मरीज की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी।
सूचना मिलते ही सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए सदस्य अवकाश सिंह और निकेश से संपर्क किया। दोनों ही युवाओं का ब्लड ग्रुप A नेगेटिव होने के कारण उन्होंने बिना समय गंवाए मदद के लिए हामी भर दी और नाहन से हरियाणा के चंडीमंदिर पहुंचकर रक्तदान किया। उनके इस निस्वार्थ सेवा भाव के चलते समय रहते मरीज को रक्त उपलब्ध हो सका और उसकी जान बच गई।
अवकाश सिंह जहां दशमेश रोटी बैंक नाहन की एंबुलेंस चलाते हैं, वहीं निकेश एचआरटीसी नाहन की वर्कशॉप में अप्रेंटिस के तौर पर कार्यरत हैं। दोनों ही युवा पहले भी कई बार जरूरतमंदों की मदद कर चुके हैं और सेवा के लिए दिन-रात तैयार रहते हैं।
ईशान राव ने बताया कि ये सोसाइटी दिन-रात लोगों की सेवा में तत्पर है। उनका यही प्रयास है कि खून की कमी से किसी मरीज की जान न जाए। सोसाइटी का एक-एक सदस्य इसी निस्वार्थ सेवा भाव में जुटा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएं और नशे जैसे चिट्टे का हर स्तर पर विरोध करें, ताकि समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सके।


