राजगढ़ : जिला सिरमौर के पुलिस थाना राजगढ़ में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की स्ट्रेस्ड एसेट्स रिकवरी ब्रांच, शिमला की शिकायत पर एक महिला के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि कोल्ड स्टोर बनाने के लिए लिया गया 6.90 करोड़ का लोन न चुकाने के बाद बैंक की राशि से खरीदी गई मशीनरी सहित अन्य सामान को चुपचाप मौके से हटा दिया गया। लिहाजा, बैंक के पास गिरवी रखी गई चल/अचल संपति को गैर कानूनी तरीके से हटाकर बैंक के साथ अमानत में ख़यानत की है। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने की है।

शिकायत के अनुसार उषा कंवर निवासी सनौरा, तहसील राजगढ़ ने वर्ष 2023 में एसबीआई परवाणू शाखा से कोल्ड स्टोर निर्माण के लिए 6.90 करोड़ का लोन लिया था। बैंक के अनुसार उधारकर्ता ने लोन की किश्तें अदा नहीं कीं, जिसके चलते खाते को एनपीए घोषित किया गया और रिकवरी प्रक्रिया शुरू करते हुए नोटिस जारी किया गया।
बैंक का आरोप है कि नोटिस मिलने के बाद उषा कंवर ने अपने पति के साथ मिलकर लोन से खरीदी गई मशीनरी और अन्य सामान को कोल्ड स्टोर से हटा दिया। यह संपत्ति बैंक के पास गिरवी रखी गई थी, जिसे हटाना अमानत में खयानत की श्रेणी में आता है। एसपी सिरमौर ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


