नाहन : पांवटा साहिब-ददाहू सड़क पर वीरवार को उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब मार्बल से लदा ट्रक अचानक सड़क धंसने के कारण पलट गया। गनीमत रही कि ट्रक सड़क से नीचे खाई में नहीं लुढ़का, वरना हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। हादसा मधाराघाट के समीप पेश आया।
जानकारी के अनुसार ट्रक पांवटा साहिब से ददाहू की ओर जा रहा था। मधाराघाट के समीप पहुंचते ही लोड ट्रक के नीचे अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि हादसे से चंद मिनट पहले ही दो लोगों ने ट्रक में लिफ्ट ली थी। कुछ ही दूरी तय करने के बाद सड़क धंसने से ट्रक पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और ट्रक में फंसे चालक और अन्य दोनों सवारों को बाहर निकाला। हादसे में तीनों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। हालांकि, ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है और उसमें लदा मार्बल भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर सड़क धंसी, वहां ट्रक खाई की ओर लुढ़क जाता तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। हादसे ने पांवटा साहिब-ददाहू सड़क की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
