नालागढ़ : आगामी नगर परिषद नालागढ़ चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से बद्दी पुलिस ने नालागढ़ क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन किया। इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त होकर मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही लोगों को आश्वस्त किया गया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों, असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बद्दी पुलिस ने कहा कि उसका उद्देश्य जनता में विश्वास बनाए रखना, शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाना है। साथ ही आम जनता से अपील की गई कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
