HomeHimachalSolanयुवक की मौत को हत्या बताने, भ्रामक व अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट...

युवक की मौत को हत्या बताने, भ्रामक व अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट पर बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संबंधित व्यक्तियों पर केस

नालागढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ बद्दी पुलिस ने कार्रवाई की है।

नालागढ़ : औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ बद्दी पुलिस ने कार्रवाई की है।

सोशल मीडिया पर घटना को हत्या के रूप में प्रस्तुत करने और शव का सिर अलग होने संबंधी दावे करने वाले संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को चौकीवाला ट्रक यूनियन के समीप एक युवक का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस कानूनी, चिकित्सकीय और वैज्ञानिक पहलुओं से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल: मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल से कूदी 27 साल की युवती, मौके पर गई जान, जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में थी भर्ती

इसी दौरान सोशल मीडिया पर कुछ व्यक्तियों ने घटना को लेकर ऐसी पोस्ट प्रसारित कीं, जिनमें शव का सिर अलग होने और युवक की हत्या किए जाने संबंधी दावे किए गए। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सोशल मीडिया पर किए गए इन दावों की पुष्टि नहीं हुई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बद्दी पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री का संज्ञान लिया। पोस्ट और उसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद 22 सितंबर को संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नालागढ़ थाना में BNS की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले में आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें:  बद्दी पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध दवाइयों का भंडाफोड़, 29,990 गोलियां और 206 शीशियां बरामद

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या संवेदनशील मामले से जुड़ी अपुष्ट जानकारी को सत्यापन के बिना सोशल मीडिया पर पोस्ट, शेयर या फॉरवर्ड न करें। पुलिस के अनुसार ऐसी सूचनाओं से आमजन में भ्रम और भय की स्थिति पैदा हो सकती है तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।

पुलिस ने लोगों से आह्वान किया कि किसी भी घटना से संबंधित सही एवं प्रमाणित जानकारी के लिए केवल अधिकृत पुलिस माध्यमों एवं सत्यापित स्रोतों पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी सूचना को आगे प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें।

ये भी पढ़ें:  IIM सिरमौर के छात्र की मौत मामले की जांच करेगी SIT, SDPO पांवटा साहिब को सौंपी कमान, परिजनों ने लगाए ये संगीन आरोप

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि बद्दी पुलिस निष्पक्ष, वैज्ञानिक और तथ्याधारित जांच के लिए प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया के माध्यम से जानबूझकर भ्रामक या झूठी सूचना प्रसारित कर लोगों को भ्रमित करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More