सोलन में चंडीगढ़ के युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत, पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से पवन को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां मेडिकल अधिकारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया और शव को शवगृह में रखवा दिया गया।

0

सोलन : शहर की डालडा कॉलोनी चौक बाजार स्थित एक इमारत में रहने वाले व्यक्ति की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना की सूचना सुबह करीब 10:35 बजे शहर चौकी को फोन से मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

सूचना देने वाले सुमित कुमार ने पुलिस को बताया कि वह व्हाइट हाउस सुद बिल्डिंग में राजू के साथ उस कमरे में पहुंचा जो इमारत के सबसे ऊपर था। कमरे के अंदर पवन बैड के पास सिर नीचे किए बैठा हुआ था और उसे तकलीफ हो रही थी। फिर दोनों ने पवन को कमरे से बाहर निकाला और उसे सीपीआर देने का प्रयास किया, लेकिन पवन में कोई हरकत नहीं हुई। उसने सांस लेना भी बंद कर दिया था और बात भी नहीं कर पा रहा था। जांच करने पर उसकी मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में नव सृजित नगर निगमों, परिषदों और नगर पंचायतों में 145 नए पदों के सृजन को मंजूरी

मृतक की पहचान पवन पुत्र बंसी लाल (40) निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पवन चाकू-छुरी तेज करने और बेचने का काम करता था। घटना के बाद सुमित कुमार ने मृतक की बहन को भी फोन कर जानकारी दी, जो दिल्ली में रहती है और उन्हें सोलन आने के लिए कहा।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से पवन को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां मेडिकल अधिकारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया और शव को शवगृह में रखवा दिया गया।

पुलिस द्वारा शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया, लेकिन शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

ये भी पढ़ें:  शिकायतों के समाधान के लिए राष्ट्रीय मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी