सोलन : जिला सोलन पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने एमएमयू सुल्तानपुर के गेट के समीप खड़ी एक स्विफ्ट कार से चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार एसआईयू की टीम गुप्त सूचना के आधार पर एमएमयू सुलतानपुर के गेट के पास गश्त पर मौजूद थी। यहां खड़ी स्विफ्ट कार में चार युवक सवार थे। पुलिस ने तलाशी ली तो उनके कब्जे से 7.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने चारों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 181/26 दर्ज की गई है। जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान संदीप ठाकुर (43), कुनाल कुमार (40), कर्ण ठाकुर (27) और रजनीश (34), सभी निवासी जिला सोलन के रूप में हुई है।
चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में जांच जारी है।

