बीबीएन : अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बद्दी पुलिस ने एक ही दिन में चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार लोगों को रंगे हाथों दबोचा है। पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को दड्डा-सट्टा खिलाते हुए पकड़े गए।
कार्रवाई के दौरान चारों आरोपियों के कब्जे से कुल 14,180 रुपये की नकदी के अलावा दड्डा-सट्टा पर्चियां और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशन में 19 सितंबर को पुलिस थाना बद्दी और पुलिस थाना बरोटीवाला की टीमों ने यह कार्रवाई की।
पहला मामला:
पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर झाड़माजरी में बायोमैट्रिक कंपनी के पास एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर लोगों को पर्ची के माध्यम से दड्डा-सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी की पहचान काका सिंह निवासी गांव गोरखनाथ, डाकघर नानकपुर, तहसील कालका, जिला पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से ₹2450 की नकदी व दड्डा-सट्टा पर्चियां बरामद की हैं।
दूसरा मामला:
दूसरे मामले में पुलिस थाना बद्दी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चक्का रोड के पास एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर लोगों को 10 के बदले 100 रुपये देने का लालच देकर दड्डा-सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी की पहचान राम सिंह निवासी गांव बीरा, डाकघर बारामाफी, तहसील कर्बी, जिला चित्रकूट, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी से एक डायरी, एक पेन और ₹1720 की नकदी बरामद की है।
तीसरा मामला:
तीसरे मामले में पुलिस थाना बद्दी की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर बिलांवाली में एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से पर्ची दड्डा-सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उक्त व्यक्ति एक रुपये के बदले 90 रुपये देने का लालच देकर लोगों से पैसे ऐंठ रहा था। आरोपी की पहचान हिमांशु कुमार निवासी गांव भटौली, डाकघर अटवा बैंक, तहसील सफीपुर, जिला उन्नाव, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से ₹4910 की नकदी व दड्डा-सट्टा पर्चियां बरामद की हैं।
चौथा मामला:
चौथे मामले में पुलिस थाना बद्दी की टीम ने गांव बिलांवाली में सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से दड्डा-सट्टा खिला रहे एक व्यक्ति को दबोचा। आरोपी राहगीरों व ग्राहकों को दस रुपये के बदले एक सौ रुपये देने का लालच देकर जुआ खेलने के लिए उकसा रहा था। आरोपी की पहचान आकाश सिंह निवासी गांव खंदक, डाकघर व तहसील सहसवान, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से दड्डा-सट्टा पर्ची, डायरी, कैलकुलेटर, एक पेन, एक चार्ट और ₹5100 की नकदी बरामद की है।
एसपी विनोद धीमान ने बताया कि इन चारों मामलों में पुलिस द्वारा कुल ₹14,180 रुपये की नकदी बरामद की गई है। मामलों के संबंध में पुलिस थाना बद्दी व बरोटीवाला में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किए हैं। पुलिस आगामी जांच में जुटी है।