नालागढ़ : पुलिस थाना नालागढ़ के तहत न्यू नालागढ़ क्षेत्र में झाड़ियों से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अकबर पुत्र मुस्ताक निवासी गांव नानोवाल, डाकघर खेड़ा, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव करीब 2 से 3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि शव के पास से एक सिरिंज भी बरामद हुई है। युवक की पहचान उसके ताया ने की।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मौत से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
