बीबीएन : हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ क्षेत्र में आपसी विवाद की जांच के दौरान एक घर के पास संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। मामला पुलिस चौकी जोघों के तहत आने वाले माजरा गांव, डाकघर बरूणा का है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र खाली करवाकर मौके को सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को माजरा गांव में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और झगड़े की सूचना मिली थी। मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर नालागढ़ थाने में क्रॉस FIR दर्ज की गई है। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को एक घर के समीप यह संदिग्ध वस्तु बरामद हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बरामद वस्तु को फिलहाल संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु माना जा रहा है।
यह वास्तव में ग्रेनेड है या नहीं और इसकी स्थिति क्या है, इसकी पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही होगी। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आसपास का क्षेत्र खाली करवाया और संबंधित स्थान को सुरक्षित कर सील कर दिया। संदिग्ध वस्तु की जांच और सुरक्षित निस्तारण के लिए बम निरोधक दस्ते (बम डिस्पोजल टीम) को मौके पर बुलाया गया है।
उधर, नालागढ़ पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों की ओर से दी गई शिकायतों के आधार पर क्रॉस FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस दोनों पक्षों के संबंधित लोगों को पूछताछ और आगामी जांच के लिए अपने साथ ले गई है।
पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्र न हों। साथ ही उन्होंने किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने को कहा।
मामले में बरामद संदिग्ध वस्तु समेत सभी पहलुओं की गहन और निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच से सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने यह पुष्टि नहीं की है कि बरामद वस्तु वास्तविक ग्रेनेड है या कुछ और। इसकी स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
