बीबीएन : बद्दी क्षेत्र में वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म और जाली लगाकर चलने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पुलिस बद्दी ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है और नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस न केवल चालान कर रही है, बल्कि वाहनों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म और जाली को मौके पर ही हटवाकर नष्ट भी किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार बद्दी क्षेत्र में कई वाहन चालक अपनी गाड़ियों के शीशों पर ब्लैक फिल्म या जाली लगाकर वाहन चला रहे हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का सीधा उल्लंघन है। इस तरह की फिल्म या जाली लगाने से वाहन के अंदर की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं, जिससे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना रहती है और कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती पैदा होती है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों, मोटर वाहन अधिनियम और केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के अनुसार वाहनों के शीशों पर ऐसी किसी भी प्रकार की सामग्री लगाना प्रतिबंधित है, जिससे वाहन के अंदर की दृश्यता प्रभावित हो।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस बद्दी ने इस संबंध में विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालान किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार इस नियम के उल्लंघन पर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और बार-बार नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध और कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनवरी, फरवरी और मार्च में ब्लैक फिल्म या जाली लगाने के मामलों में लगातार कार्रवाई की गई है। जनवरी 2026 में 65 चालान किए गए, फरवरी 2026 में 128 चालान किए गए, जबकि मार्च 2026 में अब तक 84 चालान किए जा चुके हैं।
जिला पुलिस बद्दी ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने वाहनों से अवैध ब्लैक फिल्म या जाली तुरंत हटा लें और यातायात नियमों का पालन करें। यदि भविष्य में किसी भी वाहन पर इस प्रकार की ब्लैक फिल्म या जाली लगी पाई गई तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और आम जनता की सुरक्षा बनाए रखना है।



