HomeHimachalSolanवाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाने वालों की खैर नहीं! यहां...

वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाने वालों की खैर नहीं! यहां पुलिस की हर गाड़ी पर नजर, कट रहे ताबड़तोड़ चालान

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालान किए जा रहे हैं।

बीबीएन : बद्दी क्षेत्र में वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म और जाली लगाकर चलने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पुलिस बद्दी ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है और नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस न केवल चालान कर रही है, बल्कि वाहनों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म और जाली को मौके पर ही हटवाकर नष्ट भी किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार बद्दी क्षेत्र में कई वाहन चालक अपनी गाड़ियों के शीशों पर ब्लैक फिल्म या जाली लगाकर वाहन चला रहे हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का सीधा उल्लंघन है। इस तरह की फिल्म या जाली लगाने से वाहन के अंदर की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं, जिससे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना रहती है और कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती पैदा होती है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों, मोटर वाहन अधिनियम और केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के अनुसार वाहनों के शीशों पर ऐसी किसी भी प्रकार की सामग्री लगाना प्रतिबंधित है, जिससे वाहन के अंदर की दृश्यता प्रभावित हो।

ये भी पढ़ें:  भविष्य की चुनौतियों के पहाड़ पर खड़ा है निर्माणाधीन मेडिकल कालेज, क्या जिला अस्पताल का लौटेगा स्वरूप

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस बद्दी ने इस संबंध में विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालान किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार इस नियम के उल्लंघन पर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और बार-बार नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध और कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनवरी, फरवरी और मार्च में ब्लैक फिल्म या जाली लगाने के मामलों में लगातार कार्रवाई की गई है। जनवरी 2026 में 65 चालान किए गए, फरवरी 2026 में 128 चालान किए गए, जबकि मार्च 2026 में अब तक 84 चालान किए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल के सिरमौर में बढ़ रहा दुनिया के सबसे जहरीले किंग कोबरा का कुनबा, बार-बार हो साइटिंग, जानिए फैक्ट्स

जिला पुलिस बद्दी ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने वाहनों से अवैध ब्लैक फिल्म या जाली तुरंत हटा लें और यातायात नियमों का पालन करें। यदि भविष्य में किसी भी वाहन पर इस प्रकार की ब्लैक फिल्म या जाली लगी पाई गई तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और आम जनता की सुरक्षा बनाए रखना है।

ये भी पढ़ें:  कालाअंब-पांवटा साहिब फोरलेन: अब इस पैकेज की DPR भी एडीजी मोर्थ को भेजी, सिर्फ मंजूरी का इंतजार!
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More