HomeHimachalवन विभाग के रेस्ट हाउस को आग के हवाले करने वाला आरोपी...

वन विभाग के रेस्ट हाउस को आग के हवाले करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वारदात में एक नाबालिग भी था शामिल

पुलिस की जांच में इस बात की पुष्टि हो गई है कि रेस्ट हाउस में आग खुद नहीं लगी थी, बल्कि लगाई गई थी।

राजगढ़ : वन विभाग के 60 साल पुराने रेस्ट हाउस को आग के हवाले करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में इस बात की पुष्टि हो गई है कि रेस्ट हाउस में आग खुद नहीं लगी थी, बल्कि लगाई गई थी।

बड़ी बात ये है कि जिस वक्त इस वारदात को अंजाम दिया गया था, उस समय एक महिला वन मित्र अंबिका ठाकुर और उसका भाई रेस्ट हाउस के भीतर थे। गनीमत ये रही कि घटना के दौरान वह दोनों समय रहते बाहर निकल गए, जिससे वह आग की चपेट में आने से बाल बाल बच गए।

बता दें कि गत 29 जून की रात वन विभाग के वन परिक्षेत्र हाब्बन के तहत पड़ने वाले ठंडीधार में वन विभाग के रेस्ट हाउस, जिसका इस्तेमाल वन रक्षक हट के तौर पर किया जा रहा था, उसे आग के हवाले कर दिया गया।

ये भी पढ़ें:  DC सिरमौर के निर्देश: गर्भवती महिलाओं को सही पोषण की जानकारी उपलब्ध करवाए विभाग

इस घटना की जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिए। इसकी पहचान जमोली (जदोल टपरोली) निवासी नरेश कुमार (29) के रूप में हुई है। इस वारदात में एक नाबालिग भी शामिल बताया गया है।

उल्लेखनीय है कि रेस्ट हाउस को जिस तरह से आग लगी थी, उस समय ही आशंका जाहिर की जा रही थी कि इतनी भयानक आग खुद नहीं लगी, बल्कि लगाई गई थी। रात के समय बारिश के बावजूद आग की लपटें बड़ी भयानक थी। लिहाजा, आग लगाने से पहले किसी ज्वलशील पदार्थ के इस्तेमाल की भी आशंका जाहिर हुई।

आखिर ये शक सही साबित हुआ और पुलिस की छानबीन में इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पुलिस के हाथ चढ़ गया।

ये भी पढ़ें:  नौहराधार के इन 8 विद्यार्थियों ने राज्यस्तरीय खेलों में किया बेहतर प्रदर्शन

उधर, डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि पुलिस छानबीन में पाया गया कि नरेश लकड़ी की अवैध तस्करी करता था और उसी जंगल में वन विभाग ने लगभग 35 नग देवदार की लकड़ी के कटे हुए बरामद किए थे, जिन्हें विभाग ने वन रक्षक हट के पास लाकर रखा था।

घटना वाले दिन नरेश कुमार उस लकड़ी को चोरी करने के इरादे से घटना स्थल पर आया। उस समय हट में एक वन मित्र युवती सो रही थी। इस बात की भनक नरेश कुमार को लग गई और वह शराब के नशे में भी था और उसने वन रक्षक हट में पेट्रोल डाल कर आग लगा दी।

ये भी पढ़ें:  उप-मुख्य सचेतक ने मुख्यमंत्री को भेंट किए प्राकृतिक खेती के उत्पाद

जिस समय आग लगी, उस समय वन मित्र युवती के साथ उसका भाई भी हट में ही सो रहा था। आग लगने पर वन मित्र युवती की नींद खुल गई, जिससे वह और उसका भाई जिंदा जलने से बच गए।

नरेश कुमार पर सरकारी संपति को नुकसान पहुंचाने के साथ साथ जान से मारने का इरादा रखने के तहत अलग अलग धाराओं में राजगढ़ थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More