HomeBreakingसिरमौर में वन विभाग का रेस्ट हाउस जलकर राख, बड़ा सवाल- कहीं...

सिरमौर में वन विभाग का रेस्ट हाउस जलकर राख, बड़ा सवाल- कहीं फॉरेस्ट गार्ड को जिंदा जलाने की साजिश तो नहीं?

वन मित्र ने इस घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके तुरंत बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे।

नाहन : जिला सिरमौर में वन विभाग का 60 साल पुराना एक रेस्ट हाउस जलकर राख हो गया। घटना वन मंडल राजगढ़ की हाब्बन रेंज के तहत ठंडीधार में सोमवार तड़के 3 से 4 बजे के आसपास पेश आई।

गनीमत ये रही कि इस दौरान फॉरेस्ट गार्ड यहां नहीं थे। जिस वक्त ये घटना हुई, उस दौरान फॉरेस्ट गार्ड फूला राम गश्त पर रवाना थे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आशंका जताई जा रही है कि असामाजिक तत्वों ने इस रेस्ट हाउस को पेट्रोल छिड़क आग के हवाले किया।

इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि कहीं फॉरेस्ट गार्ड को जिंदा जलाने की कोशिश तो नहीं की। सूत्रों से जानकारी मिली है कि फॉरेस्ट गार्ड ने कुछ दिन पहले बेशकीमती देवदार की लकड़ी बरामद की थी। लिहाजा, आशंका यही जताई जा रही है कि इसी वजह से किन्हीं असामाजिक तत्वों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी के साथ बारिश, शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी, शीतलहर का प्रकोप

बताया जा रहा है कि मौके से पेट्रोल की बोतल भी मिली है। इससे रेस्ट हाउस को आग लगाने की संभावना और पुख्ता हो रही है। इस घटना से दो कमरे, किचन और एक हॉल का पूरा रेस्ट हाउस जलकर राख हो गया। इससे 45 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। विभाग के मुताबिक ये रेस्ट हाउस 1965 से बना था।

वन मित्र ने इस घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके तुरंत बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। हैरानी इस बात की है कि गत रात क्षेत्र में मूसलाधार बारिश जारी थी।

ये भी पढ़ें:  पिस्टल दिखाकर गार्ड से लूट मामले का 24 वर्षीय आरोपी दबोचा, वारदात में शामिल अन्य 6 आरोपी नाबालिग

इसके बावजूद आग ने देवदार से निर्मित पूरे रेस्ट हाउस को अपनी चपेट में ले लिया। इसकी शिकायत वन विभाग ने पुलिस को दी है। बहरहाल, घटना की जांच के बाद ही सब साफ हो पाएगा।

डीएफओ राजगढ़ समीर राज ने बताया कि पुलिस को शिकायत दे दी गई है। उन्होंने माना कि संभावना यही जताई जा रही है कि रेस्ट हाउस को अज्ञात तत्वों ने पेट्रोल छिड़क आग के हवाले किया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। ये रेस्ट हाउस 60 साल पुराना था। पुलिस जांच के बाद ही सब साफ हो पाएगा।

उधर, डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। हर पहलू की मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  बद्दी पुलिस के 13 जवानों को मानद ASI पद पर पदोन्नति, 32 साल की सेवा का मिला सम्मान
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More