
राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की जुड़वां बहनों आंचल और महक ने JBT भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी मेहनत और लगन से परिवार के साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ग्राम पंचायत कोठिया जाजर के कोट ढांगर गांव की दोनों बहनों की एक साथ मिली इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आंचल और महक ने प्रारंभिक शिक्षा कोट ढांगर स्कूल से शुरू की। इसके बाद दोनों ने जवाहर नवोदय विद्यालय में छठी कक्षा में प्रवेश लिया और वहीं से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दोनों बहनों ने सोलन से JBT प्रशिक्षण प्राप्त किया। लगातार मेहनत और तैयारी के बाद दोनों ने JBT भर्ती परीक्षा पास कर ली।
दोनों बहनों की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि बचपन से ही उनका पढ़ाई का सफर साथ-साथ रहा। दोनों एक साथ स्कूल जाती रहीं, साथ पढ़ाई की और भविष्य में शिक्षक बनने का सपना भी मिलकर देखा। पढ़ाई के दौरान एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते हुए दोनों ने अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए और अब एक साथ परीक्षा पास कर उस सपने को साकार किया है।
आंचल और महक के पिता विक्रम और माता तारा देवी के लिए बेटियों की यह उपलब्धि गर्व का क्षण है। उनकी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों का कहना है कि दोनों बेटियों ने अपनी मेहनत के दम पर यह साबित किया है कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।
दोनों बहनों ने अपने करिअर का लक्ष्य एक साथ तय किया और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि शिक्षक के रूप में आंचल और महक आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा देने के साथ अन्य बेटियों को भी अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित करेंगी।
