HomeHimachalUnaहरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण, उपमुख्यमंत्री ने HRTC...

हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण, उपमुख्यमंत्री ने HRTC के क्षेत्रीय कार्यालय का भी किया उद्घाटन

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली में हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण तथा एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया।

हरोली (ऊना) : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली में हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण तथा एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ई-चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ करने के साथ चार नई बस सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और हरोली–श्री चिंतपूर्णी बस सेवा शुरू की।

इस अवसर पर हरोली बस अड्डा परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों में से 115 इलेक्ट्रिक बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं। उन्होंने बताया कि हरोली स्थित प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि पूरे ऊना जिले में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था और कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।

ये भी पढ़ें:  21 जुलाई को नादौन में नहीं होंगे ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग, प्रशासन ने बताई ये वजह

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महज दो वर्षों में आधुनिक बस अड्डे के निर्माण के बाद आज हरोली को क्षेत्रीय कार्यालय एवं प्रदेश के पहले ई-बस डिपो के रूप में एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों का लंबे समय से संजोया गया ई-बस डिपो का सपना भी साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार के साथ हरोली प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है।

कांगड़ा में भी बनेगा ई-बस डिपो
अग्निहोत्री ने बताया कि ठियोग, नाहन और नादौन में भी ई-बस डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा के आग्रह पर कांगड़ा में भी ई-बस डिपो स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सोमवार को ऊना से भी इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  एनडीडीवाई प्रथम वर्ष में सोलन के यशपाल कपूर बने टॉपर, सेकंड ईयर में चंडीगढ़ की डॉ. शीनू अव्वल

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब प्रदेश का पहला ई-बस डिपो भी हरोली में बन गया है। विरोधी भी सोच रहे होंगे कि यह कैसे हो गया। जिन्हें विकास से परहेज़ है उनको हर अच्छे काम से पीड़ा होती है।

अंब बस अड्डा एक वर्ष में बनेगा, चिंतपूर्णी मंदिर का होगा जीर्णोद्धार
चिंतपूर्णी विधानसभा के विधायक सुदर्शन बबलू की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अंब बस अड्डे का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश तथा प्रदेश से बाहर रहने वाले माता के श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में उदारतापूर्वक योगदान देने का आह्वान किया, ताकि इस परियोजना को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा सके।

ये भी पढ़ें:  ADR रिपोर्ट पर CM सुक्खू का पलटवार, बोले- संपत्ति बढ़ी नहीं घटी है, चाहें तो ED-CBI से करा लें जांच
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More